कश्मीर में हड़ताल और विरोध प्रदर्शन
हिज़बुल मुजाहेदीन के कमांडर सब्जार भट के मारे जाने के विरोध में कश्मीर में विरोध प्रदर्शन किये जा रहे हैं।
भारत नियंत्रित कश्मीर में हिज़बुल मुजाहेदीन के कमांडर सब्जार भट सहित आठ आतंकवादियों के मारे जाने के विरोध में अलगावादियों ने रविवार से दो दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है।
इस हड़ताल के दृष्टिगत श्रीनगर में सात थाना क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले इलाकों और अधिकतर शहरों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। श्रीनगर के जिलाधिकारी फारूख अहमद लोन ने बताया कि कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए श्रीनगर जिले के सात थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाया गया है। सुरक्षा कारणों से घाटी में कल से रेलसेवा भी स्थगित कर दी गई है। एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी ने यूनीवार्ता को बताया कि सरकार और पुलिस से निर्देश मिलने के बाद सुरक्षा कारणों से रेल यातायात स्थगित कर दी गई है।
इसके ही कश्मीर घाटी में बहाल हुए इंटरनेट और सोशल मीडिया साइट्स को फिर से बंद कर दिया गया है। वहीं कश्मीर के कई इलाकों में सुरक्षा बलों की कार्रवाई के खिलाफ लोगों ने प्रदर्शन और पथराव भी किया। अलगाववादी नेताओं ने लोगों से आतंकियों को श्रद्धांजलि देने की भी अपील की है।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को भारतीय सेना के उत्तरी कमांड ने एक ट्वीट के जरिए बताया कि अलग-अलग कार्रवाई में 10 छापामार मारे गए हैं। उन्होंने ये भी बताया गया कि सारे जो हथियारों से लैस थे और भारत में घुसने का प्रयास कर रहे थे। मरने वालों में सबजार अहमद बट्ट भी शामिल था।