कश्मीर, भारतीय सेना की गोलीबारी में 4 छापामारों की मौत
भारत-प्रशासित कश्मीर में भारतीय सेना और छापामारों के बीच हुई फ़ायरिंग में 4 छापामारों के मारे जाने की सूचना है।
प्राप्त समाचारों के अनुसार बुधवार की सुबह स्थानीय समयानुसार 7 बजकर 30 मिनट पर भारतीय सेना और छापामारों के बीच उस समय ख़ूनी संघर्ष आरंभ हुआ जब भारतीय सुरक्षाबलों ने राजौरी के सुंदरबनी सेक्टर से 500 मीटर की दूरी पर स्थित नदी के किनारे मौजूद बीएसएफ़ कैम्प के पास छापामारों को अपने घेरे में ले लिया।
भारत के आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि सुरक्षाबलों को राजौरी के सुंदरबनी क्षेत्र में छापामारों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही सेना ने पूरे इलाक़े को घेरे में लेकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। बुधवार की सुबह छापामारों ने भारतीय सुरक्षा बल के जवानों पर फ़ायरिंग करना शुरू कर दिया जिसके जवाब में भारतीय सेना ने भी फ़ायरिंग की, लगभग 9 घंटे तक चली दोनों ओर से गोलीबारी के दौरान 4 छापामार मारे गए।
राजौरी ज़िले के पुलिस अधिक्षक यूगल मिनहास ने बताया कि सेना ने मारे गए छापामारों के ठिकाने से बड़ी मात्रा में गोला-बारूद और हथियार बरामद किए हैं। उन्होंने कहा कि छापामारों और सेना के बीच हुई मुठभेड़ से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है जिसके कारण सुंदरबनी क्षेत्र के सभी निजी और सरकारी स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी कर दिया गया है।
दूसरी ओर भारतीय सेना द्वारा पुलवामा ज़िले में चलाए जा रहे तलाशी अभियान के दौरान, भारतीय सेना ने 3 कश्मीरी नागरिकों को घायल कर दिया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भारतीय सुरक्षाबलों के विरोध में जमकर नारे लगाए और प्रदर्शन किया। सेना ने प्रदर्शन कर रहे लोगों पर बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले भी दाग़े, जिसके कारण कई प्रदर्शनकारियों के घायल होने के समाचार हैं। (RZ)