एलओसी पर भारत-पाक के सैनिक आमने सामने, 5 हताहत 13 घायल
https://parstoday.ir/hi/news/india-i63230-एलओसी_पर_भारत_पाक_के_सैनिक_आमने_सामने_5_हताहत_13_घायल
भारत और पाकिस्तानी सेना के बीच नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी का सिलसिला जारी है। दोनों ओर से हुई ताज़ा फ़ायरिंग में 5 लोगों के मारे जाने और 13 लोगों के घायल होने की सूचना है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
May १८, २०१८ ११:५० Asia/Kolkata
  • एलओसी पर भारत-पाक के सैनिक आमने सामने, 5 हताहत 13 घायल

भारत और पाकिस्तानी सेना के बीच नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी का सिलसिला जारी है। दोनों ओर से हुई ताज़ा फ़ायरिंग में 5 लोगों के मारे जाने और 13 लोगों के घायल होने की सूचना है।

भारत से प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार कश्मीर के आरएस पुरा और अरनिया सेक्टर में पाकिस्तानी रेंजर्स ने गुरुवार देर रात संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए भारी हथियारों से फ़ायरिंग की। इसमें भारतीय सुरक्षा बल “बीएसएफ के एक जवान सीताराम उपाध्याय की मौत हो गई और साथ ही पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी में 4 आम नागरिक भी हताहत हुए हैं जबकि बीएसएफ़ के एक अफ़सर सहित 6 लोग घायल हुए हैं।

भारतीय सेना के एक अधिकारी के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से 16 और 17 मई को भी हीरानगर में फ़ायरिंग की गई थी। जिसमें एक बीएसएफ का जवान घायल भी हुआ था। हालांकि, पाकिस्तान की ओर से दिन में गोलाबारी थमी रही लेकिन गुरुवार देर रात अरनिया सेक्टर को एक बार फिर निशाना बनाया गया। जम्मू के आरएस पुरा सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से शुक्रवार तड़के 4 बजे भारी गोलाबारी की गई, भारत की ओर से भी इस गोलीबारी का जवाब दिया गया।

दूसरी ओर पाकिस्तान का कहना है कि सियालकोट में स्थित नियंत्रण रेखा पर स्थित हरियाप, चारवाह, बाजरागढ़ी और अखनूर सेक्टर में भारतीय सेनाओं की गोलीबारी में चार पाकिस्तानी आम नागरिक हताहत हुए हैं और नौ अन्य घायल हुए हैं। (RZ)