भारत-पाक सैनिकों के बीच भीषण गालीबारी, 4 भारतीय सैनिकों की मौत
भारत प्रशासित कश्मीर में स्थित अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी में चार भारतीय सैनिक मारे गए और पांच अन्य घायल हो गए हैं।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार भारतीय सेना ने एक बयान जारी करके कहा है कि पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हए भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा के सांबा सेक्टर के चमलियाल पोस्ट को निशाना बनाकर गोलीबारी की है। भारतीय सेना के अधिकारी एडीजी कमल नाथ चौबे ने चार जवानों की मौत की और पांच अन्य के घायल होने की पुष्टि करते हुए कहा कि हमने हमेशा सीज़फ़ायर की शुचिता को बरक़रार रखा लेकिन पाकिस्तान ने सदैव इसका उल्लंघन किया है।
भारतीय सुरक्षा बलों के सूत्रों के मुताबिक़, मंगलवार देर रात पाकिस्तानी रेंजर्स ने सांबा सेक्टर के रामगढ़ में स्थित नारायणपुर की चमलियाल पोस्ट पर पैट्रोलिंग कर रहे सीमा प्रहरियों पर स्नाइपर द्वारा फ़ायर किया। पाकिस्तानी सेना की फ़ायरिंग में घायल जवान को बचाने के लिए जैसे भारतीय सेना के अन्य सदस्य पहुंचे, पाक सेना ने मोर्टार गोले दाग़ना शुरू कर दिया, इस झड़प में भारतीय सेना के तीन जूनियर अधिकारी और एक कॉन्स्टेबल की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य सैनिक घायल हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि भारतीय और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर आए दिन गोलीबारी की घटनाएं होती रहती है। दोनों देशों की सेनाएं एक दूसरे पर संघर्ष विराम का आरोप लगाती रहती हैं।
दूसरी ओर भारत-प्रशासित कश्मीर के बांडीपूरा क्षेत्र में सेना और छापामारों के बीच झड़पों की सूचना प्राप्त हुई है। याद रहे कि पिछले पांच दिनों से भारतीय सुरक्षा बलों ने पूरी घाटी में छापामारों के ख़िलाफ़ सर्च अभियान चला रखा है। (RZ)