हमने पकड़े राॅ के दो जासूसः पाकिस्तान
पाकिस्तान ने दो भारतीय जासूसों की गिरफ़्तारी का दावा किया है।
पाकिस्तान की पुलिस ने शनिवार को दावा किया कि उसने दक्षिणी सिंध प्रांत से रॉ के दो कथित एजेंट गिरफ्तार किए हैं।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार आतंकवाद निरोधक विभाग के एसएसपी नवेद ख्वाजा ने कहा कि एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी के दौरान थट्टा से 'रॉ के इन एजेंटों' को गिरफ्तार किया गया।
नवेद ने गिरफ्तार लोगों की पहचान सद्दाम हुसैन और बाचाल के रूप में की है। उनका कहना है कि ये लोग इलाके में मछुआरे के वेश में राॅ अर्थात रिसर्च एंड एनालिसिस विंग के लिए काम कर रहे थे।
पाकिस्तान के पुलिस अधिकारी ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि भारत ने सद्दाम और बाचाल को कोड मुहैया कराया था। उन्होंने कहा कि पुलिस ने इन जासूसों' से संवेदनशील प्रतिष्ठानों के फोटोग्राफ जब्त किए हैं।