ट्रम्प के कारण गुजरात में फैला कोरोनाः संजय राउत
https://parstoday.ir/hi/news/india-i87848-ट्रम्प_के_कारण_गुजरात_में_फैला_कोरोनाः_संजय_राउत
शिवसेना के नेता का मानना है कि ट्रम्प के लिए गुजरात में आयोजित कार्यक्रम के कारण ही गुजरात में कोरोना वायरस फैला है। 
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
May ३१, २०२० १४:०४ Asia/Kolkata
  • ट्रम्प के कारण गुजरात में फैला कोरोनाः संजय राउत

शिवसेना के नेता का मानना है कि ट्रम्प के लिए गुजरात में आयोजित कार्यक्रम के कारण ही गुजरात में कोरोना वायरस फैला है। 

शिवसेना के नेता संजय राउत ने मुखपत्र 'सामना' में अपने साप्ताहिक स्तंभ में कहा है कि इससे इन्कार नहीं किया जा सकता कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्वागत में एकत्रित हुए जनसमूह के कारण ही गुजरात में कोरोना वायरस फैला।  उन्होंने कहा कि ट्रंप के साथ आए शिष्टमंडल के कुछ सदस्य मुंबई और दिल्ली भी गए थे जिसके कारण कोरोना विषाणु फैला।

भारतीय संचार माध्यमों के अनुसार शिवसेना नेता संजय राउत ने रविवार को कहा कि पहले गुजरात और बाद में मुंबई तथा दिल्ली में कोरोना वायरस फैलाने के लिए फरवरी में अहमदाबाद में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्वागत में आयोजित किया गया कार्यक्रम जिम्मेदार है।  इस कार्यक्रम में ट्रंप के शिष्टमंडल के कुछ सदस्यों ने हिस्सा लिया था।

ज्ञात रहे कि अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 फरवरी 2020 को अहमदाबाद में एक रोडशो में हिस्सा लिया था जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए थे।  रोडशो के बाद अमरीका और भारत के दोनों नेताओं ने मोटेरा क्रिकेट मैदान में एक लाख से अधिक लोगों को संबोधित किया था।  गुजरात में कोरोना वायरस का पहला मामला 20 मार्च को सामने आया था जब राजकोट के एक व्यक्ति और सूरत की एक महिला में संक्रमण की पुष्टि हुई थी।