भारत के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का अंतिम संस्कार
भारत के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का मंगलवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया और उनके बेटे अभिजीत मुखर्जी ने उन्हें मुखाग्नि दी।
दिल्ली स्थित लोधी शमशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले उनके पार्थिव शरीर को 10, राजाजी मार्ग स्थित उनके सरकारी आवास पर लाया गया, जहां राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और तीनों सेनाओं के प्रमुखों समेत कई गणमान्य लोगों ने उनके अंतिम दर्शन करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मोदी कैबिनेट ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।
ज्ञात रहे कि भारत के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी 10 अगस्त को कोरोना संक्रमित पाए गए थे जिसके बाद उन्हें दिल्ली कैंट स्थित सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उन्होंने सोमवार को अंतिम सांस ली। (HN)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए