परमाणु वार्ता में प्रगति, ईरान ने रक्षा अपना पक्ष...
विएना में ईरान और गुट 4+1 के बीच तेहरान पर लगे प्रतिबंधों को हटाने के लिए आठवें दौर की वार्ता कुछ अंतराल के बाद मंगलवार को फिर से शुरु हुई।
ईरान और रूस, चीन, ब्रिटेन, फ़्रांस और जर्मनी पर आधारित गुट 4+1 और इसी तरह अमरीका की वार्ताकार टीम 29 जनवरी को अपने वरिष्ठ अधिकारियों के परामर्श करने और राजनैतिक फ़ैसले के लिए अपनी अपनी राजधानियां लौट आई थीं जिसके बाद 8 फ़रवरी मंगलवार को एक बार फिर सारी वार्ताकार टीम विएना पहुंच गयी है।
रूस के प्रतिनिधि मीख़ाइल औलियानोफ़ ने आठवें दौर की वार्ता के आरंभ होने की पुष्टि करते हुए कहा कि एक थोड़े से विराम और अंतराल के बाद मंगलवार को वार्ता फिर से शुरु होगी, मुझे लगता है कि वार्ता अपने अंतिम चरण में है जिसमें प्रतिबंधों को समाप्त करने के लिए वार्ता में शामिल सारे पक्षों के गंभीर संकल्प और प्रयासों की ज़रूरत है।
तेहरान पर लगे प्रतिबंधों को हटाने के लिए शुरु होने वाली विएना वार्ता के आरंभ होते ही अमरीकी विदेशमंत्रालय ने परमाणु तकनीक के क्षेत्र में कुछ प्रतिबंधों को उठाने की ख़बर दी और पश्चिमी मीडिया ने भी इस ख़बर को बढ़ा चढ़ाकर दिखाने का प्रयास किया और यह दर्शाने की कोशिश की कि अमरीका वार्ता में सद्भावना का प्रदर्शन कर रहा है लेकिन अमरीका की इस कार्यवाही से ईरान के लिए कोई आर्थिक फ़ायदा नहीं हुआ और न ही तेहरान इसे वाशिंग्टन की गंभीरता और उसकी सद्भावना का चिन्ह समझ रहा है।
अलबत्ता कुछ प्रतिबंध जो उठाए गये हैं उन पर ख़ुद अमरीका और यूरोपीय पक्षों तक ने चिंता जताई थी जबकि इससे ईरान का मुख्य मांग पूरी नहीं हुई वास्तविक आर्थिक हित को पूरा करना है। ईरान के पूर्व कूटनीति और राजनैतिक मामलों के विशेषज्ञ अबुल फ़ज़्ल ज़ोहरावंद ने अमरीका की इस कार्यवाही को ईरान की वार्ताकार टीम पर दबाव के लक्ष्य से की गयी कार्यवाही क़रार दिया और कहा कि इस तरह की कार्यवाही एक तरह का धोखा और मनोवैज्ञानिक हथकंडा है और अमरीका चाहता है कि कम से कम ख़र्चे के साथ परमाणु समझौते में दोबारा वापस आ जाए।
यही कारण है कि ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव ने कहा है कि एक अच्छा समझौता उसी समय हो सकता है जब सारे प्रतिबंध ख़त्म किए जाएं और ज़्यादा से ज़्यादा दबाव डालने की नीति को छोड़ दिया जाए। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए