विदेशमंत्रालय में स्वीडन के प्रभारी राजदूत को तलब किया गया
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i111772-विदेशमंत्रालय_में_स्वीडन_के_प्रभारी_राजदूत_को_तलब_किया_गया
स्वीडन में पवित्र कुरआन का अनादर किये जाने के विरोध में ईरान के विदेशमंत्रालय में स्वीडन के प्रभारी राजदूत को तलब किया गया।
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
Apr १८, २०२२ १०:५५ Asia/Kolkata
  • विदेशमंत्रालय में स्वीडन के प्रभारी राजदूत को तलब किया गया

स्वीडन में पवित्र कुरआन का अनादर किये जाने के विरोध में ईरान के विदेशमंत्रालय में स्वीडन के प्रभारी राजदूत को तलब किया गया।

हमारे संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार स्वीडन में हालिया कुछ दिनों के दौरान पवित्र कुरआन को जलाया गया जिस पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए विदेशमंत्रालय में स्वीडन के प्रभारी राजदूत को तलब किया गया।

ईरानी विदेशमंत्रालय ने रमज़ान के पवित्र महीने में पवित्र कुरआन को जलाये जाने की कड़ी भर्त्सना की और इस संबंध में स्वीडन सरकार की ज़िम्मेदारी को याद दिलाया और इस देश की सरकार का आह्वान किया है कि वह इस प्रकार के अपमान जनक काम को बंद करने और उसके न दोहराये जाने के संबंध में कदम उठाये।

विदेशमंत्रालय में पश्चिम यूरोप से संबंधित मामलों के प्रमुख ने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनादर से दुनिया के दो अरब से अधिक मुसलमानों की भावनायें व आस्थायें आहत हुई हैं और कहा कि इस प्रकार का कृत्य अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दुरूपयोग है और खेद के साथ कहना पड़ता है कि यह कार्य स्वीडन की पुलिस के समर्थन से हुआ है और इससे पूरी दुनिया के मुसलमानों के निकट स्वीडन की तस्वीर खराब होगी।  

स्वीडन के प्रभारी राजदूत ने भी अपने देश में पवित्र कुरआन के अपमान पर खेद जताया और कहा कि वह यथाशीघ्र ईरान की आपत्ति से अपने देश के अधिकारियों को अवगत करेंगे।

इससे पहले ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता सईद ख़तीबज़ादे ने भी स्वीडन में पवित्र कुरआन के अनादर की भर्त्सना की और कहा था कि इसके लिए स्वीडन सरकार जवाबदेह है। साथ ही उन्होंने पवित्र कुरआन का अपमान करने वाले के विरुद्ध कार्यवाही किये जाने की मांग की थी।

टीआरटी वर्ल्ड टीवी ने स्वीडन में एक व्यक्ति को पवित्र कुरआन में आग लगाते दिखाया था। MM

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए