ईरान और इराक़ के संबंधों को कोई ख़राब नहीं कर सकता...
इस्लामी गणतंत्र ईरान के संसद सभापति ने अपने इराक़ी समकक्ष से मुलाक़ात में कहा कि दोनों देश व्यापक सहयोग के लिए गंभीर इरादा रखते हैं और कोई भी तत्व ईरानी और इराक़ी राष्ट्र के मैत्रीपूर्ण और गहरे संबंधों को ख़राब नहीं कर सकते।
इराक़ के संसद सभापति मुहम्मद अलहलबूसी बुधवार को एक उच्चस्तरीय शिष्टमंडल के साथ तेहरान पहुंचे और उन्होंने राष्ट्रपति सैयद इब्राहीम रईसी और विदेशमंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान से भेंटवार्ता की।
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री ने अपने इराक़ी समकक्ष से मुलाक़ात में बल दिया कि ईरान, इराक़ में राजनैतिक प्रक्रिया का समर्थन करता है और एक मज़बूत इराक़ को क्षेत्र की शांति और स्थिरता का रक्षक समझता है।
इस मुलाक़ात में इराक़ के संसद सभापति ने ईरान के समर्थन की सराहना करते हुए कहा कि इराक़ का संविधान इस बात का अनुमति नहीं देता कि उन लोगों और उन संस्थाओं की गतिविधियों की अनुमति नहीं देता जो पड़ोसियों के लिए ख़तरा हों।
दो महत्वपूर्ण पड़ोसी देश के रूप में ईरान और इराक़ हमेशा से राजनैतिक, सुरक्षा और आर्थिक मामलों में विचार विमर्श करते रहे हैं और इसी परिधि में इराक़ के विदेशमंत्री फ़ुआद हुसैन ने 13 अप्रैल को तेहरान यात्रा के दौरान अपने ईरानी समकक्ष से मुलाक़ात की थी।
अमरीका और इस्राईल के खुले और गुप्त हस्तक्षेप, गैस और बिजली निर्यात की वजह से इराक़ पर ईरान के ऋण, सीमावर्ती पानी का मुद्दा और पर्यावरण के जुड़े मामले जैसी समस्याओं के बावजूद ईरान और इराक़ के संबंध हमेशा से अच्छे रहे हैं और यह प्रगति की ओर अग्रसर भी रहे हैं और इसकी वजह यह है कि दोनों देशों के अधिकारियों ने इस बारे में अपने गंभीर इरादों को ज़ाहिर कर दिया है।
इस्लामी गणतंत्र ईरान, इराक़ में स्थाई शांति और राजनैतिक स्थिरता को राष्ट्रीय और क्षेत्रीय ज़रूरत समझता है और उसने इराक़ी जनता के इरादों और उनकी इच्छाओं को पूरा करने के लिए अपनी क्षमताओं का भी प्रयोग किया है। ईरान, अमरीका और इस्राईल की हस्तक्षेपपूर्ण कार्यवाहियों पर नज़र रखते हुए इराक़ सहित पड़ोसी देशों में उनके पिट्ठुओं पर नज़र रखने पर बल देता है और हर उस कार्यवाही का मुंहतोड़ जवाब देता है जो ईरान और क्षेत्र की शांति और स्थिरता को नुक़सान पहुंचाए। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए