ओमान द्वारा पीड़ित फ़िलिस्तीनियों का समर्थन सराहनीय क़दम है, ईरानी विदेश मंत्री
ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने कहा है कि क्षेत्र में विदेशी सैन्य उपस्थिति का क्षेत्रीय सुरक्षा पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
मंगलवार को मसक़त में अपने ओमानी समकक्ष सैयद बद्र अलबूसईदी के साथ मुलाक़ात में ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए क्षेत्रीय देशों के बीच सहयोग ज़रूरी है, जबकि विदेशी उपस्थिति और हस्तक्षेप से स्थिति अधिक जटिल होती है।
फ़िलिस्तीनियों पर इस्राईल के अत्याचारों की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि ओमान द्वारा पीड़ित फ़िलिस्तीनियों का समर्थन सराहनीय क़दम है।
ईरान और ओमान के बीच द्विपक्षीय मुद्दों का उल्लेख करते हुए अमीर अब्दुल्लाहियान ने दोनों देशों के संबंधों को दोस्ताना बताया और कहा कि निकट भविष्य में दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्ष एक दूसरे के देशों का दौरा करेंगे, जो द्विपक्षीय संबंधों में मील का पत्थर साबित होंगे।
ईरानी विदेश मंत्री ने तेहरान और रियाज़ के बीच वार्ता की मेज़बानी के लिए मस्क़त और बग़दाद का आभार भी जताया।
पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंध पर आधारित ईरानी सरकार की विदेश नीति को श्रेय देते हुए अमीर अब्दुल्लाहियान ने अंतर-क्षेत्रीय संबंधों में विस्तार पर ख़ुशी जताई। msm