ईरान की विदेश नीति से प्रभावित उज़्बेकिस्तान ने उठाया यह अहम क़दम?
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति ने तेहरान में उज़्बेकिस्तान के संसद सभापति से मुलाक़ात में ईरान और उज़्बेकिस्तान के बीच पाई जाने वाली सांस्कृतिक व सभ्यतागत समानताओं को आर्थिक सहयोग के विस्तार का बेहतरीन आधार क़रार दिया।
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति सैयद इब्राहीम रईसी ने तेहरान में उज़्बेकिस्तान के संसद सभापति नूरुद्दीन जान इस्माइलोफ़ से मुलाक़ात में कहा कि पिछले एक साल में ईरान और उज़्बेकिस्तान के बीच राजनीतिक और आर्थिक संबंधों में बहुत अधिक विकास हुआ और इसने पहले की तुलना में मौजूद परिस्थितियों को काफ़ी बदल दिया। उनका कहना था कि मौजूदा क्षमताओं की मांग यह है कि हम अपने आपसी संबंधों को सुधारने के लिए दोहरा प्रयास करें।
ईरान और उज्बेकिस्तान में कई सांस्कृतिक और ऐतिहासिक समानताएं पायी जाती हैं और सामान्य हितों के कारण, दोनों देशों के पास विशेष रूप से ऊर्जा और परिवहन के क्षेत्र में राजनीतिक और आर्थिक संबंधों को विस्तृत करने की काफी संभावनाएं पायी जाती हैं।
2016 में उज़्बेकिस्तान गणराज्य के राष्ट्रपति के रूप में शौकत मीर्ज़ाएफ़ के सत्ता में आने के बाद से इस देश की सरकार ने ईरान के साथ संबंधों में सुधार के काफ़ी प्रयास किए और इसमें काफ़ी प्रगति भी देखने को मिली। इस्लामी गणतंत्र ईरान की कूटनीति में पूरब की ओर देखने और पड़ोसी देशों को प्राथमिकता देने की नीति की वजह से दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों में नया अध्याय जुड़ गया है।
पिछले दो वर्षों में, संबंध विकसित करने के उद्देश्य से ईरान और उज़्बेकिस्तान के अधिकारियों के बीच द्विपक्षीय परामर्श लगातार जारी रहा है। इस्लामी गततंत्र ईरान के राष्ट्रपति सैयद इब्राहीम रईसी और उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्ज़ाएफ़ ने सितंबर 2021 में ताजेकिस्तान में शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन के मौक़े पर और नवम्बर 2021 तुर्कमेनिस्तान के इश्क़ाबाद में आर्थिक सहयोग संगठन "ईसीओ" के शिखर सम्मेलन के मौके पर मिले दोनों देशों के बीच संबंधों के विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया था।
अब तक, ईरान और उज़्बेकिस्तान के बीच 18 सहयोग समझौतों और सहमतिपत्रों पर हस्ताक्षर हो चुके हैं और दोनों देशों के संयुक्त आर्थिक सहयोग आयोग की चौदहवीं बैठक में, जो 20 फरवरी, 2022 को तेहरान में आयोजित की गई थी, दोनों देशों के अधिकारियों ने अगले दो वर्षों में व्यापार संबंधों को एक अरब डॉलर तक बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की थी।
उज़्बेकिस्तान के सरकारी आंकड़ों के अनुसार 2022 में ईरान और उज़्बेकिस्तान के बीच व्यापार संबंधों की मात्रा लगभग 435.7 मिलियन डॉलर थी, जिसमें 2021 की तुलना में 4.5 मिलियन डॉलर की वृद्धि हुई है।
उज़्बेकिस्तान के संसदसभापति की तेहरान यात्रा और इस्लामी गणतंत्र ईरान के अधिकारियों से उनकी मुलाक़ात पर नज़र डालने से पता चलता है कि यह मुलाक़ात दोनों देशों के बीच संबंधों में विस्तार के मौजूदा ढांचे में सुधार, नई समझ तक पहुंचने और मौजूदा बाधाओं को दूर करने में मदद करने की दिशा में अहम क़दम समझी जा रही है। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए