अमरीका ईरान की अर्थ व्यवस्था को निशाना बना रहा है, रक्षा मंत्री
इस्लामी गणतंत्र ईरान के रक्षामंत्री ने कहा है कि पश्चिम का एक उद्देश्य, ईरान की अर्थ व्यवस्था को नुक़सान पहुंचाना है।
रक्षा मंत्री ब्रिगेडियर जनरल हुसैन देहक़ान ने कहा कि अमरीका कई दिशाओं से ईरान को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहा है और ईरान की अर्थ व्यवस्था भी अमरीका के निशाने पर हैं।
उन्होंने कहा कि अर्थ व्यवस्था का युद्ध बहुत अहम है क्योंकि हमारे दुश्मन, अन्यायपूर्ण प्रतिबंधों, तकनीक पर रोक और अन्य देशों को ईरान के साथ संपर्क की राह में बाधा पैदा करके ईरान की अर्थ व्यवस्था को मज़बूत होने से रोकना चाहते हैं।
रक्षा मंत्री ब्रिगेडियर जनरल हुसैन देहक़ान ने कहा कि दुश्मन इसी तरह इस्लाम, ईरान और शिया मुसलमानों से डरा कर ईरान को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं और यह एक सच्चाई है कि अमरीका व सऊदी अरब की अगुवाई में सभी साम्राज्यवादी देशों ने , इस्राईल की रक्षा के लिए क्षेत्र में सांप्रदायिक युद्ध छेड़ रखा है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि ईरानी राष्ट्र ने क्रांति के वरिष्ठ नेतृत्व में पिछले 36 वर्षों के दौरान दुश्मनों की सभी साज़िशों को नाकाम किया है जिसकी एक मिसाल, आठ वर्षों तक थोपे गये युद्ध के दौरान ईरानी राष्ट्र का प्रतिरोध है। (Q.A.)