सीरिया के परिवर्तनों के बारे में ईरान के विदेशमंत्रालय का बयान
पार्सटुडे- इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्रालय ने सीरिया के हालिया परिवर्तनों के बारे में रविवार को एक बयान जारी किया जो इस प्रकार है।
सीरिया के हालिया परिवर्तनों के दृष्टिगत इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्रालय ने तेहरान के सिद्धांतिक दृष्टिकोण को बयान किया और सीरिया की एकता और संप्रभुता पर बल देते हुए कहा कि सीरिया के भविष्य का निर्धारण केवल इस देश के लोग करेंगे।
बयान में बल देकर कहा गया है कि सीरिया के भविष्य का निर्धारण विनाशकारी विदेशी हस्तक्षेप के बिना होना चाहिये या विदेश से थोपा नहीं जाना चाहिये। बयान में कहा गया है कि इस महत्वपूर्ण लक्ष्य की प्राप्ति के लिए ज़रूरी है कि जल्द से जल्द सैनिक लड़ाई ख़त्म हो, आतंकवादी गतिविधियां बंद हों और राष्ट्रीय स्तर की वार्ता आरंभ हो जिसमें सीरिया के समस्त पक्षों के प्रतिनिधि शामिल हों।
इस्लामी गणतंत्र ईरान ने अतीत की भांति एक बार फ़िर सीरिया के संबंध में राष्ट्रसंघ के प्रस्ताव नंबर 2254 का समर्थन किया है और कहा है कि वह इस संबंध में राष्ट्रसंघ के साथ रचनात्मक सहयोग जारी रखेगा।
इसी प्रकार बयान में कहा गया है कि सीरिया के राजनीतिक संकट का समाधान राष्ट्रसंघ के प्रस्ताव नंबर 2254 को आधार बनाकर किया जाना चाहिये।
सीरिया इस समय इतिहास के संवेदनशील दौर से गुज़र रहा है और सीरिया के समस्त और दूसरे देशों नागरिकों के जान की सुरक्षा पवित्र धार्मिक स्थलों और डिप्लोमेटिक स्थानों की रक्षा अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों के अनुसार बहुत ज़रूरी है।
ईरान और सीरियाई राष्ट्रों के संबंधों का अतीत बहुत पुराना है और दोनों राष्ट्रों के संबंध हमेशा मित्रतापूर्ण रहे हैं और आशा है कि यह मित्रतापूर्ण संबंध दोनों राष्ट्रों के संयुक्त हितों और रुचियों के आधार पर और इसी प्रकार अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों के आधार पर जारी रहेंगे।
इस्लामी गणतंत्र ईरान ने बल देकर कहा है कि सीरिया पश्चिम एशिया का एक महत्वपूर्ण और प्रभावी देश है और सीरिया में शांति व सुरक्षा की स्थापना में वह किसी प्रकार के प्रयास में संकोच से काम नहीं लेगा और इस उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए वह समस्त प्रभावी पक्षों विशेषकर क्षेत्र में विचार- विमर्श को जारी रखेगा।
स्पष्ट है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान सीरिया के परिवर्तनों पर गहरी व पैनी नज़र रखे हुए है और सीरिया में प्रभावी राजनीतिक और सुरक्षा खिलाड़ियों की गतिविधियों को ध्यान में रखकर उचित दृष्टिकोण अपनायेगा। MM