ईरान-वेनेज़ुएला संबंध विस्तार पर बल
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i20740-ईरान_वेनेज़ुएला_संबंध_विस्तार_पर_बल
ईरान के विदेश मंत्री ने तेहरान में वेनेज़ुएला के विदेश मंत्री से मुलाक़ात में विभिन्न विषयों पर बात चीत की है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug १६, २०१६ ०२:४५ Asia/Kolkata
  • ईरान-वेनेज़ुएला संबंध विस्तार पर बल

ईरान के विदेश मंत्री ने तेहरान में वेनेज़ुएला के विदेश मंत्री से मुलाक़ात में विभिन्न विषयों पर बात चीत की है।

मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने सोमवार की शाम तेहरान में वेनेज़ुएला के विदेश मंत्री डेलसी रोडरिग्ज़ से मुलाक़ात में इस देश सहित लैटिन अमरीकी देशों के साथ ईरान के संबंध को अधिक से अधिक विस्तृत करने पर बल दिया। उन्होंने अगले सप्ताह कई लैटिन अमरीकी देशों की अपनी यात्रा की ओर संकेत करते हुए, जिनमें से एक वेनेज़ुएला भी है, कहा कि इस यात्रा में सरकारी अधिकारियों और निजी क्षेत्र के प्रतिनिधियों पर आधारित एक उच्च स्तरीय आर्थिक शिष्टमंडल भी उनके साथ होगा। ज़रीफ़ ने कहा कि उनकी यह यात्रा इस बात की सूचक है कि ईरान लैटिन अमरीकी देशों के साथ अपने संबंधों में व्यापक विस्तार पर अत्यधिक ध्यान देता है। विदेश मंत्री ने इसी तरह गुट निरपेक्ष आंदोलन की अध्यक्षता वेनेज़ुएला को मिलने की ओर संकेत करते हुए कहा कि इस संगठन के एक अहम सदस्य और इसी प्रकार पूर्व अध्यक्ष होने के नाते ईरान, वेनेज़ुएला में गुट निरपेक्ष आंदोलन के शिखर सम्मेलन के बेहतर से बेहतर आयोजन में हर प्रकार के सहयोग व सहायता के लिए तैयार है।

 

इस मुलाक़ात में वेनेज़ुएला के विदेश मंत्री डेलसी रोडरिग्ज़ ने भी अपनी तेहरान यात्रा पर ख़ुशी जताते हुए श्री ज़रीफ़ की आगामी वेनेज़ुएला यात्रा का स्वागत किया और सभी क्षेत्रों में दोनों देशों के संबंध विस्तार पर बल दिया। उन्होंने इसी तरह वेनेज़ुएला में गुट निरपेक्ष आंदोलन के शिखर सम्मेलन के आयोजन के बारे में ईरान के विदेश मंत्री से विस्तार से विचार-विमर्श किया। (HN)