कुछ क्षेत्रीय देश, आतंकी गुटों का समर्थन बंद करेंः ईरान
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कुछ क्षेत्रीय देशों से कहा है कि वे ईरान के संबंध में अपनी ग़लत नीतियों को सुधारें और आतंकी गुटों का समर्थन बंद करें।
बहराम क़ासेमी ने तेहरान से प्रकाशित होने वाले समाचारपत्र इत्तेलाआत से बात करते हुए, बहरैन के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप संबंधी इस देश के विदेशमंत्री के हालिया आरोप को रद्द कर दिया। उन्होंने कहा कि यह बयान पूरी तरह से निराधार है क्योंकि ईरान की नीति हमेशा ही अच्छे पड़ोसियों के संबंधों, पड़ोसी देशों के साथ परस्पर सम्मान और क्षेत्र की शांति व स्थिरता को मज़बूत बनाने पर आधारित रही है। उन्होंने बहरैनी अधिकारियों पर सऊदी अरब के प्रभाव की ओर संकेत करते हुए कहा कि बहरैन के विदेशमंत्री की ओर से सऊदी अरब द्वारा किए जाने वाले दावों को आंख बंद करके दोहराने का तनाव के अलावा और कोई परिणाम नहीं निकलेगा। क़ासेमी ने कहा कि यह बात केवल ज़ायोनी शासन और क्षेत्र के मुस्लिम देशों के कट्टर दुश्मनों के हित में है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बहरैनी विदेश मंत्री द्वारा हिज़्बुल्लाह जैसे क़ानूनी, जनाधारित और प्रतिरोध के प्रतीक दलों व गुटों को आतंकवादी बताए जाने पर कहा कि निश्चित रूप से अलक़ाएदा, दाइश और नुस्रा फ़्रंट जैसे गुट आतंकवादी कहलाए जाने के अधिकारी हैं जिनके हाथ क्षेत्र के मुस्लिम राष्ट्रों के ख़ून से सने हुए हैं और इन सभी आतंकी गुटों का आर्थिक व वैचारिक स्रोत वहाबियत है। बहराम क़ासेमी ने कुछ पड़ोसी अरब देशों से कहा कि वे क्षेत्र में शांति व स्थिरता के लिए अपनी दोहरी नीतियों और पिछली ग़लतियों को सुधारों और आतंकी गुटों का समर्थन बंद करें ताकि क्षेत्र के संकटों को समाप्त किया जा सके। (HN)