ईरान, अफ़ग़ानिस्तान की सरकार और जनता का समर्थन करता रहेगाः ज़रीफ़
ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने कहा है कि तेहरान, अफ़ग़ानिस्तान में शांति, स्थिरता और विकास के लिए इस देश की सरकार और जनता के समर्थन पर दृढ़ संकल्पित है।
मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने अमृतसर में हार्ट आफ़ एशिया- इस्तांबोल प्रक्रिया कांफ़्रेंस में कहा कि पांच साल पहले क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने और अफ़ग़ानिस्तान को एक शांत, स्थिर और विकसित देश बनाने के उद्देश्य से काबुल की सहायता का कार्यक्रम बना।
श्री जवाद ज़रीफ़ ने क्षेत्र में चरमपंथ और मादक पदार्थों के उत्पादन में विस्तार की ओर संकेत करते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ के मादक पदार्थ नियंत्रण कार्यालय की हालिय रिपोर्ट के आधार पर पिछले वर्ष मादक पदार्थों के उत्पादन में 43 प्रतिशत वृद्धि हुई है जिसके कारण मादक पदार्थो के तस्करों के नेटवर्कों और आतंकवादियों का विकास हुआ है।
विदेशमंत्री ने अफ़ग़ानिस्तान के भीतर दाइश की गतिविधियों के विस्तृत होने की ओर संकेत करते हुए बल दिया कि ईरान को आशा है कि काबुल सरकार के मार्गदर्शन से समस्त क्षेत्रीय देशों की क्षमताओं से लाभ उठाते हुए शांति प्रक्रिया जारी रहेगी और इससे अफ़ग़ानिस्तान में स्थाई शांति स्थापित होगी।
ईरान के विदेशमंत्री ने चाबहार बंदर के विकास के लिए ईरान, भारत और अफ़ग़ानिस्तान के मध्य होने वाले त्रिपक्षीय समझौते को अफ़ग़ानिस्तान द्वारा स्वतंत्र जल क्षेत्र से वैश्विक बाज़ारों तक पहुंचने का बेहतरीन क़दम बताया जो अफ़़गानिस्तान के विकास में सहायता करेगा।
श्री जवाद ज़रीफ़ ने अफ़ग़ान शरणार्थियों की सहायता के बारे में कहा कि ईरान पिछले 37 वर्षों में ईरान, लगभग 30 लाख अफ़ग़ानियों का मेज़बान रहा है जिनको हर प्रकार की सुविधाएं दी जा रही हैं। (AK)