दूसरों को अशांत करके शांति की स्थापना, सही नहीं हैः ज़रीफ़
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i36816-दूसरों_को_अशांत_करके_शांति_की_स्थापना_सही_नहीं_हैः_ज़रीफ़
ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने म्यूनिख़ सुरक्षा सम्मेलन में कहा कि दूसरों को अशांत करके दुनिया में शांति फैलाने का विचार ग़लत है।
(last modified 2023-11-29T05:45:15+00:00 )
Feb १९, २०१७ १४:४९ Asia/Kolkata
  • दूसरों को अशांत करके शांति की स्थापना, सही नहीं हैः ज़रीफ़

ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने म्यूनिख़ सुरक्षा सम्मेलन में कहा कि दूसरों को अशांत करके दुनिया में शांति फैलाने का विचार ग़लत है।

रविवार को म्यूनिख़ में 53वें सुरक्षा सम्मेलन में भाषण देते हुए विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने कहा कि मध्यपूर्व में आतंकवाद के विस्तार का कारण अमरीका सहित विदेशी सैन्य हस्तक्षेप है। उन्होंने बल दिया कि इराक़, बहरैन और सीरिया सहित मध्यपूर्व के संकटों का कोई सैन्य समाधान नहीं है और इस संकट के समाधान के लिए राजनैतिक वार्ता की आवश्यकता है।

ईरान के विदेशमंत्री ने म्युनिख़ सुरक्षा कांफ़्रेंस के अवसर पर विभिन्न देशों के वरिष्ठ अधिकारियों से अनेक मुद्दों पर वार्ता की।

ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने जर्मनी के शहर म्यूनिख़ में सुरक्षा सम्मेलन के अवसर पर विभिन्न देशों के अधिकारियों से होने वाली भेंटवार्ताओं में परमाणु समझौते के क्रियान्वयन की स्थिति और क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मामलों पर विचार विमर्श किया।

विदेशमंत्री ने बल दिया कि तेहरान ने परमाणु समझौते सहित समस्त अंतर्राष्ट्रीय समझौतों पर अमल किया है और वह वर्तमान स्थिति की बड़ी सूक्ष्मता से समीक्षा कर रहा है। इन मुलाक़ातों में मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने यूरोपीय देशों से अपील की है कि वह क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ईरानोफ़ोबिया फैलाने, ईरान से भयभीत करने तथा भय के वातावरण को सार्थक बनाने के मुद्दे का मुक़ाबला करें। 

म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के अवसर पर होने वाली मुलाक़ातों में सीरिया और सहित क्षेत्रीय मामलों, क्षेत्र में शांति व स्थिरता की रक्षा और आतंकवादी गुटों से मुक़ाबला किए जाने के बारे में वार्ता हुई।

ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने म्यूनिख़ कांफ़्रेंस के अवसर पर रूस, फ़्रांस, ब्रिटेन, स्पेन, इटली, नार्वे और तुर्की के विदेशमंत्रियों तथा यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रभारी, आईएईए के महानिदेशक,  संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव, स्लोवेनिया के राष्ट्रपति, जर्मनी की विदेश मामलों के चेयर मैन, अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति, इराक़ के प्रधानमंत्री और लेबनान, पाकिस्तान और सिंगापूर के रक्षामंत्रियों से अलग अलग भेंटवार्ता की। (AK)