चुनाव दुश्मन से मुक़ाबले में देश की सबसे बड़ी ताक़त, राष्ट्रपति रूहानी
-
25 फ़रवरी 2017 को तेहरान में चुनाव विभाग के अधिकारियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति रूहानी
ईरानी राष्ट्रपति डॉक्टर हसन रूहानी ने चुनाव को दुश्मन से मुक़ाबले में देश की सबसे बड़ी ताक़त बताते हुए उम्मीद जतायी कि आगामी चुनाव में इतनी भव्य चुनावी प्रतिस्पर्धा होगी कि दुश्मन हैरत में पड़ जाएगा और ईरान के मित्र देश ख़ुश होंगे।
ग़ौरतलब है कि ईरान में जारी वर्ष की 19 मई को निकाय और 12वें राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होंगे।
ईरानी राष्ट्रपति ने शनिवार को तेहरान में चुनाव विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों से मुलाक़ात में कहा कि चुनावों में जनता की भागीदारी देश को मुश्किलों का डट कर मुक़ाबला करने और दुश्मन के मुक़ाबले में इस्लामी गणतंत्र व्यवस्था को मज़बूत करने का साहस देती है। उन्होंने कहा कि पूरे ईरानी राष्ट्र की मतदान केन्द्रों पर उपस्थिति भविष्य के निर्धारण और देश की शान के लिए बहुत अहम है।
ईरानी राष्ट्रपति ने सुरक्षा के विषय को बहुत अहम बताते हुए कहा कि ईरान मध्यपूर्व में स्थित है जो अशांत क्षेत्र है, लेकिन ईरान में मौजूदा शांति की बुनियाद जनता के बीच एकता और व्यवस्था पर उसका भरोसा है। (MAQ/N)