अमरीका की ग़लत नीतियां ही मध्यपूर्व में तनाव का मुख्य कारण
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि अमरीका की ग़लत नीतियां ही मध्यपूर्व के क्षेत्र में अस्थिर व तनावपूर्ण स्थिति का कारण रही हैं।
बहराम क़ासेमी ने इस्लामी गणतंत्र ईरान के ख़िलाफ़ अमरीकी सेना की केंद्रीय कमान के प्रमुख जोज़फ़ वोटेल के निराधार और शत्रुतापूर्ण बयान की ओर संकेत करते हुए कहा कि क्षेत्र में इस समय जो आग लगी हुई है वह अमरीकी अधिकारियों के ग़लत व हस्तक्षेपपूर्ण रवैये व ग़लतियों का परिणाम है और यह ग़लतियां अमरीकियों की विस्तारवादी नीतियों और इस रणनैतिक क्षेत्र के बारे में सही पहचान न होने और इसी तरह ज़ायोनी शासन के निरंतर समर्थन का परिणाम हैं।
बहराम क़ासेमी ने फ़ार्स की खाड़ी के क्षेत्र के लोगों के साथ अमरीका के ग़लत व्यवहार के कटु अतीत की ओर संकेत करते हुए कहा कि अमरीका ने इस क्षेत्र की कुछ सरकारों को सबसे अधिक अति विकसित हथियार बेच कर क्षेत्र में तनाव, युद्ध और सुरक्षा संबंधी समस्यांए पैदा करने में मुख्य भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि अमरीका की नीतियों के कारण ही इस समय मध्यपूर्व के क्षेत्र में आग लगी हुई है और पूरी दुनिया इसे अच्छी तरह से समझती है। ज्ञात रहे कि अमरीकी सेना की केंद्रीय कमान के प्रमुख जोज़फ़ वोटेल ने गुरुवार को दावा किया था कि ईरान, मध्यपूर्व के क्षेत्र के लिए सबसे बड़ा ख़तरा है। (HN)