ईरान की सक्रिय कूटनीति, मोरीतानिया के बाद विदेशमंत्री ट्यूनीशिया रवाना
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने मोरीतानिया की अपनी यात्रा के दौरान इस देश के राष्ट्रपति और विदेशमंत्री से मुलाक़ातों में द्विक्षपीय संबंधों में विस्तार तथा महत्वपूर्ण क्षेत्रीय परिवर्तनों पर विचार विमर्श किया।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने सोमवार को मोरीतानिया के राष्ट्रपति मुहम्मद वलद अब्दुल अज़ीज़ से मुलाक़ात में आर्थिक और राजनैतिक सहित समस्त क्षेत्रों में संबंधों में विस्तार तथा क्षेत्रीय परिवर्तनों पर विचार विमर्श किया।
इसी प्रकार दोनों नेताओं ने इस मुलाक़ात में वार्ता द्वारा शांतिपूर्ण ढंग से समस्याओं के समाधान पर बल दिया।
विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने इसी प्रकार मोरीतानिया के विदेशमंत्री इस्लोकू वलद बीह से मुलाक़ात में अंतर्राष्ट्रीय समुदाय में मोरीतानिया के स्वतंत्र दृष्टिकोण की ओर संकेत करते हुए कहा कि ईरान, दोनों देशों के बीच होने वाली सहमतियों और समझौतों को लागू करने और गंभीरता से मामलों को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है।
इस मुलाक़ात में दोनों देशों के विदेशमंत्रियों ने बैंकिंग के क्षेत्र में सहयोग विस्तार, खनिज, ऊर्जा, कृषि तथा फ़िशेरी जैसे क्षेत्रों में प्राइवेट सेक्टर्स की गतिविधियों को बढ़ाने के विषय पर भी विचार विमर्श किया।
दोनों नेताओं ने इसी प्रकार क्षेत्रीय मामलों, आतंकवाद और चरमपंथ से संघर्ष तथा वैज्ञानिक व वैचारिक सहयोग के मुद्दों पर भी विचार विमर्श किया।
ज्ञात रहे कि विदेशमंत्री इस समय उत्तरी अफ़्रीका के दौरे पर हैं और वह मोरीतानिया के बाद ट्यूनीशिया के लिए रवाना हो गये। (AK)