जेसीपीओए की सुरक्षा हमारी प्राथमिकताः ज़रीफ़
विदेश मंत्री जवाद ज़रीफ़ ने कहा है कि संयुक्त समग्र कार्य योजना या जेसीपीओए की सुरक्षा, ईरान की प्राथमिकता है।
जवाद ज़रीफ़ ने रविवार की रात ईरान के चैनेल-2 को दिये अपने साक्षात्कार में कहा कि इस बात की अनुमति नहीं दी जाएगी कि अमरीका, जेसीपीओए का हनन करे। उन्होंने कहा कि विदेशमंत्रालय परमाणु समझौते के सही क्रियान्वयन के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।
संयुक्त समग्र कार्य योजना या जेसीपीओए के प्रति अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प का शत्रुतापूर्ण व्यवहार एेसी स्थिति में जारी है कि जब अन्तर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेन्सी, संयुक्त राष्ट्रसंघ और सुरक्षा परिषद सभी ने इस बात की पुष्टि की है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान, जेसीपीओए के प्रति हमेशा वचनबद्ध रहा है।
ज्ञात रहे कि जनवरी 2016 से ईरान तथा गुट पांच धन एक के बीच परमाणु समझौता क्रियान्वयन हुआ था किंतु अमरीकी सरकार आरंभ से ही इसका उल्लंघन कर रही है।
विदेशमंत्री जवाद ज़रीफ़ ने अपने साक्षात्कार में मध्यपूर्व की अशांति की ओर संकेत करते हुए कहा कि अमरीका और ज़ायोनी शासन जैसे वाशिग्टन के घटक, सशस्त्र आतंकवादी गुटों का समर्थन करके क्षेत्र में अशांति और हिंसा को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को शांति की ज़रूरत है।
ईरान के विदेशमंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय देशों को यह बात समझनी चाहिए कि सुरक्षा कोई ख़रीदने वाली चीज़ नहीं है जिसे जब चाहे ख़रीद लें। जवाद ज़रीफ़ ने कहा कि ईरान, आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष को आगे भी जारी रखेगा।