ईरान सहित पूरी दुनिया इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के शोक में डूबी + फ़ोटो
आज ईरान, इराक़, बहरैन, भारत और पाकिस्तान सहित पूरी दुनिया में हज़रत इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम का शहादत दिवस मनाया जा रहा है।
नवीं मुहर्रम की सुबह से ही जूलूसों का क्रम आरंभ हो गया जो पूरी रात जारी रहा जबकि सुबह से ही ईरान की गलियों और कूचों में शोक सभाओं और मजलिसों का क्रम आरंभ हुआ जो अभी तक जारी है।

पवित्र नगर मशहद में हज़रत इमाम रज़ा अलैहिस्सलाम के रौज़े पर पहली मुहर्रम से ही मजलिसे और शोक सभाएं हो रही हैं। नवीं और दसवीं मुहर्रम के अवसर पर लाखों श्रद्धालु मशहद पहुंचे हैं।

ईरान के विभिन्न शहरों से मातमी अंजूमनें और दस्ते पवित्र नगर मशहद पहुंचे हैं जिसके कारण पूरा शहर अज़ादारों से भरा हुआ है। दूसरी ओर पवित्र नगर क़ुम में हज़रत फ़ातेमा मासूमा के रौज़े पर भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद हैं।

दसवीं मुहर्रम के अवसर पर हज़ारों की संख्या में अज़ादार इमाम ख़ुमैनी हुसैनियां में उपस्थित हुए और उन्होंने वरिष्ठ नेता की उपस्थिति में मजलिस की और मातम किया। ईरान के मुख्य चौराहों और मस्जिदों से जूलूस निकाले जा रहे हैं।

दूसरी ओर लाखों की संख्या में स्थानीय और विदेशी श्रद्धालु कर्बला पहुंचे। कर्बला की गली कूचे अज़दारों से भरे हुए हैं और लोग मातमी दस्तों और अंजुमनों की शक्ल में नौहा पढ़ते हुए और मातम करते हुए इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के रौज़े की ओर जा रहे हैं।

इस अवसर पर कर्बला के शहीदों की याद में पानी, शरबत और चाए की सबीलें लगाई गयीं हैं जबकि अज़दारों में नियाज़ भी बांटी जा रही है। मुहर्रम के अवसर पर कर्बला में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गये हैं और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए संबंधित कर्मचारियों को पूरी तरह चौकस रहने का निर्देश दिया गया है।

उधर भारत के छोटे बड़े शहरों और क़स्बों में भी शोक सभाओं और जूलूसों का क्रम जारी है। भारत की राजधानी नई दिल्ली, मुंबई, कश्मीर, हैदराबाद,बंगलूरू, लखनऊ, इलाहाबाद, फ़ैज़ाबाद, जौनपुर, जलालपुर और अकबरपुर सहित अनेक ज़िलों से दसवीं मुहर्रम के जूलूस निकाले जाने की रिपोर्ट है। मुहर्रम के अवसर पर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं जबकि जगह जगह पुलिस टीम तैनात की गयी है।

उधर पाकिस्तान में दसवीं मुहर्रम के जूलूस विभिन्न शहरों और क़स्बों से पूरी श्रद्धा के साथ निकाले जा रहे हैं। पाकिस्तान में आतंकवाद के ख़तरे के दृष्टिगत सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गये। सुरक्षा कारणों से इस्लामाबाद, कराची, लाहौर, पेशावर और क्वेटा सहित देश के 26 शहरों में मोबाइल सर्विस बंद कर गयी है जबकि कराची सहित सिंध लाहौर, इस्लामाबाद, क्वेटा और रावलपिंडी में भी मोटरसाइकिल की डबल सवारी पर प्रतिबंध लगाया गया है। कुछ संवेदनशील स्थानों पर कटीले तार और कंटेनर लगा कर रास्ते को सील किया गया है। (AK)
