ईरान इलाक़े के और इस्लामी देशों की अखडंता का समर्थक है, बुरुजर्दी
इस्लामी गणतंत्र ईरान की संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा व विदेश नीति आयोग के प्रमुख ने कहा है कि ईरान इस्लामी और पड़ोसी देशों की अखंडता को नुक़सान पहुंचाने की कदापि अनुमति नहीं देंगे।
अलाउद्दीन बुरुजर्दी ने गुरुवार को सीरिया की राजधानी दमिश्क़ में एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि इलाक़े में आतंकवादी संगठन दाइश के पतन और इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र की घटनाएं एक दूसरे से संबंधित हैं क्योंकि अमरीका और ज़ायोनी शासन विश्व के इस संवेदनशील हिस्से में एक अशांत क्षेत्र बनाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि इलाक़े की सारी ताक़त, ज़ायोनियों के खिलाफ इस्तेमाल होने के बजाए, एक दूसरे के खिलाफ ख़र्च हो जाए।
इस्लामी गणतंत्र ईरान की संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा व विदेश नीति आयोग के प्रमुख अलाउद्दीन बुरुजर्दी ने बल दिया कि सीरिया के हलब, दैरुज़्जूर और इराक़ के मूसिल में दाइश की पराजय और फिर उसके बाद इराक़ी कुर्दिस्तान में जनमत संग्रह वास्तव में अमरीका और इस्राईल की नीतियों के दायरे में किया जाने वाला काम है।
अलाउद्दीन बुरुजर्दी ने सीरिया के परिवर्तनों का उल्लेख करते हुए कहा कि हमें सीरिया से संबंधित हालिया परिवर्तनों पर खुशी है लेकिन यह जानना भी ज़रूरी है कि सीरिया संकट के पीछे, अमरीका और इस्राईल हैं और इसी लिए इस्लामी प्रतिरोध के मोर्चे के जियालों की भूमिका यथावत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने इसी प्रकार कहा कि हम फिलिस्तीनियों की अधिकारों की रक्षा की दिशा में उठाए गये हर क़दम का स्वागत करते हैं और प्रतिरोध के मोर्चे को मज़बूत बनाने, इस्लामी गणतंत्र ईरान की स्थायी नीति है।
स्लामी गणतंत्र ईरान की संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा व विदेश नीति आयोग के प्रमुख अलाउद्दीन बुरुजर्दी मंगलवार की रात एक संसदीय प्रतिनिधिमंडल के साथ सीरिया की राजधानी पहुंचे हैं। उन्होंने गुरुवार की रात सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद से भेंटवार्ता की। (Q.A.)