अब किसी को अमरीका पर भरोसा नहींः ज़रीफ़
विदेशमंत्री जवाद ज़रीफ़ ने कहा है कि ट्रम्प के कारण अब किसी को भी अमरीका पर भरोसा नहीं रहा है।
मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने कहा कि जेसीपीओए या परमाणु समझौते के बारे में अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प के व्यव्हार के कारण अब किसी को अमरीका पर भरोसा नहीं है।
शनिवार की रात अमरीकी टीवी चैनेल सीबीएस के साथ इन्टरव्यू में ईरान के विदेशमंत्री ने कहा कि ईरान तथा जेसीपीओए के बारे में ट्रम्प के हालिया बयान ने विश्व स्तर पर अमरीकी साख को बहुत नुक़सान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि अमरीकी राष्ट्रपति ने वास्तविकताओं से अपनी आंखें मूंद ली हैं।
उल्लेखनीय है कि आईएईए की ओर से ईरान की कटिबद्धता की पुष्टि पर आधारित आठ रिपोर्टे आने के बावजूद ट्रम्प ने कहा कि जेसीपीओए के बारे में ईरान की प्रतिबद्धता की वे पुष्टि नहीं करेंगे। ट्रम्प के इस बयान के फौरन बाद यूरोपीय संघ और विश्व के कई देशों ने एलान किया कि वे पहले की ही तरह परमाणु समझौते का समर्थन करते रहेंगे।
ट्रम्प ने इसी प्रकार ईरान के विरुद्ध अपने घिसेपिटे बयान दोहराते हुए तेहरान पर आतंकवाद के समर्थन का आरोप लगाया। अमरीकी राष्ट्रपति ने उस आईआरजीसी के विरुद्ध नए प्रतिबंध लगाए जो इराक़ और सीरिया में अमरीका का समर्थन प्राप्त आतंकवादियों के विरुद्ध संघर्ष कर रहा है।