ईरान ने कोएटा हमले की कड़े शब्दों में निंदा की
पाकिस्तान के कोएटा नगर में एक गिरजाघर पर किये गए आतंकवादी हमले की ईरान ने कड़े शब्दों में निंदा की है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कोएटा के गिरजाघर में किये गए आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए इसे अमानवीय कृत्य बताया है।
बहराम क़ासेमी ने सोमवार को कहा कि दाइश के आतंकवादी, इस प्रकार के हमले करके संसार को अशांत बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने हमले के प्रभावित लोगों के परिजनों के प्रति सहानुभूति प्रकट की। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि दाइश के बचे-खुचे आतंकवादी, इराक़ और सीरिया में पराजित होने के बाद अब यह चाहते हैं कि विश्व को अशांत बनाने के लिए इस प्रकार के हमले करते रहें।
उल्लेखनीय है कि रविवार को कुछ आतंकवादियों ने पाकिस्तान के कोएटा नगर में कैथोलिक इसाइयों के गिरजाघर पर हमला कर दिया। इस आतंकवादी हमले में 9 लोग मारे गए और 50 अन्य घायल हो गए। आतंकवादी गुट दाइश ने इस हमले की ज़िम्मेदारी स्वीकार की है।