यूरोप के अपने परमाणु वचनों पर प्रतिबंद्ध रहना होगाः ईरान
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासिमी ने कहा कि ईरान को यूरोप से यह अपेक्षा है कि वह परमाणु समझौते के अपने वचनों को पूरी तरह से पूरा करे।
उन्होंने अल आलम टीवी चैनल से परमाणु समझौते से अमरीका के निकलने के बाद यूरोप से ईरान की वार्ता के बारे में कहा कि परमाणु समझौते पर यूरोप की नज़र केवल एक आर्थिक दृष्टि नहीं है बल्कि यूरोप परमाणु समझौते को एक सामूहिक प्रयास का परिणाम समझता है और एक सामूहिक उपलब्धि के रूप में उसकी रक्षा करने का प्रयास कर रहा है।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि यह शंका पायी जाती है कि परमाणु समझौते के संबंध में यूरोप अपने काम को कैसे जारी रखेगा और इसीलिए जेसीपीओए में बाक़ी रहने के लिए तेहरान ने यूरोप से वार्ता शुरु की। उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ और परमाणु समझौते के सदस्य यूरोपीय देशों के पास समय बहुत कम है और उन्हें बहुत जल्द किसी परिणाम तक पहुंचना होगा और ईरान की प्रसन्नता हासिल करनी चाहिए।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि शुक्रवार को विएना में परमाणु समझौते के संयुक्त आयोग की बैठक आयोजित होगी । उन्होंने कहा कि यह बैठक ईरान के निमंत्रण पर आयोजित हो रही है और यह आयोग की पहली बैठक है जिसमें अमरीका नहीं है। उनका था कि इस बैठक में जर्मनी, ब्रिटेन, फ़्रांस, रूस और चीन के समस्त सदस्य भाग लेंगे। (AK)