क्या रूहानी और ट्रम्प समस्त मतभेदों को भुलाकर न्यूयॉर्क में मुलाक़ात करेंगे?
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i68412-क्या_रूहानी_और_ट्रम्प_समस्त_मतभेदों_को_भुलाकर_न्यूयॉर्क_में_मुलाक़ात_करेंगे
ईरानी राष्ट्रपति हसन रूहानी न्यूयॉर्क पहुंच चुके हैं और पश्चिम के कुछ मीडिया सूत्रों ने दावा किया है कि न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के अधिवेश के दौरान ईरानी और अमरीकी राष्ट्राध्यक्षों की मुलाक़ात हो सकती है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Sep २४, २०१८ १४:४२ Asia/Kolkata
  • क्या रूहानी और ट्रम्प समस्त मतभेदों को भुलाकर न्यूयॉर्क में मुलाक़ात करेंगे?

ईरानी राष्ट्रपति हसन रूहानी न्यूयॉर्क पहुंच चुके हैं और पश्चिम के कुछ मीडिया सूत्रों ने दावा किया है कि न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के अधिवेश के दौरान ईरानी और अमरीकी राष्ट्राध्यक्षों की मुलाक़ात हो सकती है।

हालांकि ईरान ने आधिकारिक रूप से घोषणा की है कि अमरीका के अभी तक के व्यवहार को देखते हुए न्यूयॉर्क में अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प और राष्ट्रपति हसन रूहानी की मुलाक़ात का कोई कार्यक्रम नहीं है।

ईरानी संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा एवं विदेश नीति के एक सदस्य सैय्यद हुसैन नक़वी का कहना है कि हमने अभी तक अमरीका की ओर से सद्भावना के लिए किसी तरह की कोई पहल नहीं देखी है, इसलिए दोनों देशों के उच्च अधिकारियों की मुलाक़ात का कोई सवाल ही नहीं है।

उन्होंने कहा, अमरीका ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु समझौता तोड़कर अपनी नीयत दिखा दी है, इसलिए तेहरान को वाशिंगटन पर भरोसा नहीं है।

ग़ौरतलब है कि ट्रम्प ने परमाणु समझौते से बाहर निकलकर अपने निकट सहयोगी यूरोपीय देशों को भी नाराज़ कर दिया है।

इसके अलावा, अमरीका ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी की साख को भी बट्टा लगा दिया है, जो लगातार अपनी रिपोर्टों में ईरान द्वारा परमाणु समझौते पर अमल किए जाने की पुष्टि करती रही है।

अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प न्यूयॉर्क में इस सम्मेलन के इतर अपने यूरोपीय समकक्षों के साथ मुलाक़ात कर कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत कर सकते हैं, मई में परमाणु समझौते से निकलने के बाद न्यूयॉर्क में समस्त विरोधियों की उपस्थिति का यह पहला अवसर होगा। msm