बसरा में अमरीकी काउन्सलेट बंद करने के कारण निर्थकः ईरान
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बसरा में अमरीकी काउन्सलेट बंद करने के कारणों को पूर्ण रूप से निर्थक बताया है।
बहराम क़ासेमी ने अमरीका की ओर से इराक़ के बसरा नगर में अपने काउन्सलेट को बंद करने की ओर संकेत करते हुए इसे व्यर्थ बताया है। उन्होंने कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान, कूटनयिकों और कूटनीतिक केन्द्रों पर किसी भी प्रकार के आक्रमण की भर्त्सना करता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि बसरा में अमरीकी दूतावास को बंद करने के जो तर्क दिये जा रहे हैं वे किसी भी स्थिति में स्वीकार योग्य नहीं हैं बल्कि यह एक प्रकार का दुष्प्रचार और निराधार हैं। उन्होंने कहा कि यह तर्क एक प्रकार से वास्तविकता से दूर भागने के अर्थ में हैं।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि बसरा में ईरानी काउन्सलेट पर हमले में विदेशी तत्वों की भूमिका बहुत ही स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि इस बारे में अमरीका की ओर से बहुत ही बचकाना तर्क पेश करके इराक़ की सरकार पर दबाव डालने के प्रयास किये जा रहे हैं।
ज्ञात रहे कि शुक्रवार को अमरीकी विदेश मंत्रालय ने एलान किया था कि बसरे में अमरीकी कूटनयिकों के लिए उत्पन्न ख़तरों के दृष्टिगत इस नगर में अमरीकी काउन्सलेट को बंद किया जा रहा है। इसी बीच वाॅल स्ट्रीट जरनल ने लिखा है कि बसरे में अमरीकी काउन्सलेट को बंद करना एक राजनीतिक फैसला है। इस समाचारपत्र के अनुसार इराक़ युद्ध के दौरान बग़दाद में अमरीकी दूतावास पर कई बार हमले किये गए किंतु एक बार भी उसे बंद नहीं किया गया।