सऊदी और अमरीकी प्रतिनिधि को ईरान की फटकार
संयुक्त राष्ट्र संघ की जनरल एसेंबली की पहली कमेटी की बैठक में ईरान के प्रतिनिधि ने अमरीका और सऊदी समकक्षों से कूटनयिक चर्चा के दौरान कहा कि सऊदी अरब एक हत्यारी शाही सरकार है और यहां तक कि पत्रकार भी अब सऊदी सरकार के आतंकवाद से सुरक्षित नहीं हैं और अमरीका भी दाइश के तकफ़ीरी आतंकवादियों को अब सीरिया से अफ़ग़ानिस्तान पहुंचा रहा है।
संयुक्त राष्ट्र संघ की पहली कमेटी में ईरान के स्थाई प्रतिनिधि मुहम्मद हुसैन ग़नीई ने महासभा की 73वीं बैठक में सुरक्षा और निरस्त्रीकरण कमेटी की बैठक में सऊदी प्रतिनिधि के ईरान विरोधी बयान के जवाब में जिसमें उसने ईरान पर आरोप लगाया कि वह यमन को बैलेस्टिक मीज़ाइल उपलब्ध करा रहा है, कहा कि यह झूठे दावे यमन में सऊदी अरब के युद्ध अपराधों पर पर्दा डालने के लिए हैं।
महासभा की उक्त कमेटी में ईरानी प्रतिनिधि श्री मुहम्मद हुसैन ग़नीई ने कहा कि सऊदी अरब सबसे अधिक हथियार ख़रीदने वाले देशों में शामिल है।
उनका कहना था कि सऊदी अरब इन्हीं हथियारों से यमन के बच्चों और निहत्थे नागरिकों का जनसंहार कर रहा है और वह यमन के स्कूली बच्चों की बसों, स्कूलों और यहां तक कि अस्पतालों पर भी दया नहीं करता और उन पर भी पाश्विक हमले करके यमनी बच्चों और आम नागरिकों का जनसंहार करता रहता है।
महासभा की पहली कमेटी में ईरानी प्रतिनिधि ने कहा कि सऊदी अरब और इस्राईल के नाम आतंकवादियों के समान हैं। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब और इस्राईल क्षेत्र में सबसे अधिक आतंकवाद को बढ़ावा दे रहे हैं।
ईरानी प्रतिनिधि ने अमरीकी प्रतिनिधि के बयान के जवाब में जिसमें उसने ईरान पर आतंकवाद के समर्थन और यमन को मीज़ाइल देने का आरोप लगाया, कहा कि ईरान विरोधी अमरीकी प्रतिनिधि मंडल का बयान बिल्कुल निराधार है क्योंकि ईरान क्षेत्र में आतंकवादियों के विरुद्ध युद्ध में आगे आगे है और वह क्षेत्र के देशों को भी निमंत्रण देता है कि वह आतंकवाद का समूल सफ़ाया करने के लिए आपस में सहयोग करें।
ईरानी प्रतिनिधि ने कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान एक ऐसे समय में आतंवकाद के विरुद्ध युद्ध कर रहा है कि जब अमरीका और कुछ दूसरे देश आतंकवादियों की वित्तीय सहायता करके उन्हें सीरिया से अफ़ग़ानिस्तान स्थानांतरित कर रहे हैं। (AK)