फ़िलिस्तीन का समर्थन, ईरान की अटल नीति है
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i71051-फ़िलिस्तीन_का_समर्थन_ईरान_की_अटल_नीति_है
फ़िलिस्तीनी के इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन हमास के वरिष्ठ नेता महमूद अज़्जेहार के नेतृत्व में फ़िलिस्तीनी सांसदों का एक शिष्ट मंडल ईरानी अधिकारियों से विचार विमर्श के लिए तेहरान के दौरे पर है।
(last modified 2023-11-29T09:15:15+00:00 )
Dec २४, २०१८ १६:०२ Asia/Kolkata

फ़िलिस्तीनी के इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन हमास के वरिष्ठ नेता महमूद अज़्जेहार के नेतृत्व में फ़िलिस्तीनी सांसदों का एक शिष्ट मंडल ईरानी अधिकारियों से विचार विमर्श के लिए तेहरान के दौरे पर है।

फ़िलिस्तीनी प्रतिनिधि मंडल ने रविवार को इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ और ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली शमख़ानी से भेंटवार्ता की। इन मुलाक़ातों में फ़िलिस्तीनी राष्ट्र के भविष्य के बारे में ईरान की विदेश नीति पर विशेष रूप से चर्चा हुई।

इन मुलाक़ातों में जिन विषयों पर चर्चा हुई उनमें सबसे महत्वपूर्ण यह है कि ईरान की नज़र में इस्लामी जगत का सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा और उसकी प्राथमिकता फ़िलिस्तीनी उमंगों और बैतुल मुक़द्दस की स्वतंत्रता का समर्थन करना है। 

महमूद अज़्ज़ेहार ने रविवार को तेहरान में ईरान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अली शमख़ानी से भी मुलाक़ात की। इस अवसर पर अली शमख़ानी ने कहा कि ईरान हर हाल में फ़िलिस्तीन का समर्थन करेगा।

उन्होंने बल दिया कि ईरान फ़िलिस्तीनी राष्ट्र व प्रतिरोध का पूरी तरह समर्थन और ग़ज़्ज़ा की जनता के लिए खाद्य पदार्थ और दवाओं सहित मदद भेजना जारी रखेगा।

विदेश मंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने तेहरान में फ़िलिस्तीनी संसद के विदेशी व राजनैतिक मामलों के आयोग के प्रमुख महमूद अज़्ज़ेहार से मुलाक़ात में कहा कि फ़िलिस्तीन का समर्थन करना इस्लामी गणतंत्र ईरान की नीतियों का आधार है।

विदेश मंत्री जवाद ज़रीफ़ ने इस बात पर बल देते हुए कि इस्लामी जगत अपने मतभेदों के बावजूद फ़िलिस्तीन के समर्थन में एकजुट हो जाए, कहा कि खेद की बात है कि आज इस्लामी जगत के भीतर प्रतिरोध के ख़िलाफ़ गतिविधियां हो रही हैं।

क्षेत्र में जारी परिवर्तनों से पता चलता है कि बहुत बड़ा षड्यंत्र चल रहा है ताकि फ़िलिस्तीनी राष्ट्र और बैतुल मुक़द्दस के भविष्य को कुछ अरब देशों के राजनैतिक मामलों और हिसाब किताब की बलि चढ़ा दी जाए जबकि संयुक्त राष्ट्र संघ के घोषणापत्र के अनुसार प्रतिरोध, अतिग्रहणकारियों के मुक़ाबले में एक वैध कार्यवाही है। इस्लामी गणतंत्र ईरान की अटल नीति भी अत्याचारियों के मुक़ाबले में अत्याचार ग्रस्तों का समर्थन करना है और यही वह बात है जिसकी ओर श्री शमख़ानी ने इशारा किया है। (AK)