भारत-पाक के बीच तनाव बढ़ा, ईरान की संयम की अपील
इस्लामी गणतंत्र ईरान ने भारत और पाकिस्तान से धैर्य और संयम बरतने, तनाव कम करने तथा समस्याओं के शांतिपूर्ण समाधान की अपील की है।
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासिमी ने भारत और पाकिस्तान के बीच पैदा होने वाले तनाव की रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान, दोनों देशों को धैर्य और संयम से काम लेने, तनाव कम करने तथा समस्याओं के शांतिपूर्ण ढंग से समाधान का निमंत्रण देता है।
श्री बहराम क़ासिमी ने कहा कि आतंकवाद के शिकार एक देश के रूप में ईरान का यह मानना है कि कट्टरपंथ और आतंकवाद का मुक़ाबला करने के लिए दुनिया के समस्त देशों की ओर से बिना किसी अंतर के व्यापक सहयोग की आवश्यकता है।
भारतीय मीउया ने अपने देश के अधिकारियों के हवाले से दावा किया है कि भारत की वायु सेना के युद्धक विमानों ने पाकिस्तानी क्षेत्र में सशस्त्र गुटों के ठिकानों पर हमला करके दर्जनों लोगों को ढेर कर दिया।
पाकिस्तान के वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न राजनेताओं ने पाकिस्तान पर भारत के हमले की निंदा करत हुए कहा कि पाकिस्तान की सशस्त्र सेना हर प्रकार के विदेशी अतिक्रमण और हमले का मुंह तोड़ जवाब देने के लिए तैयार है। (AK)