क्षेत्र में कुछ देश संदिग्ध परमाणु परियोजनाएं आगे बढ़ा रहे हैंः शमख़ानी
ईरान की उच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव ने कहा है कि क्षेत्र में कुछ देशों ने पेट्रो डाॅलर ख़र्च करके संदिग्ध परमाणु परियोजनाओं को अपने एजेंडे में शामिल कर लिया है।
एडमिरल अली शमख़ानी ने बुधवार को ईरान के पश्चिमोत्तरी नगर उरूमिये में शहीदों को श्रद्धांजली अर्पित करने के एक कार्यक्रम में कहा कि संदिग्ध परमाणु परियोजनाओं का क्रियान्वयन, क्षेत्र यहां तक कि पूरी दुनिया को ख़तरे में डाल सकता है और दाइश व तकफ़ीरी आतंकवादियों से बड़ा संकट पैदा कर सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के ख़तरे उत्पन्न होने की स्थिति में इस्लामी गणतंत्र ईरान, ख़तरों के स्वरूप और उनके स्थान के अनुसार अपनी नई रणनीति तैयार करने और देश व सेना की आवश्यकताओं को पूरा करने पर मजबूर होगा।
ईरान की उच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव ने कहा कि ईरान, विदेशी शक्तियों और पश्चिमी एशिया में उनके कुछ पिट्ठू देशों की गतिविधियों विशेष कर आतंकवादी गुटों के समर्थन के संबंध में काला अतीत रखने वाले देशों के असामान्य क़दमों पर गहरी नज़र रखे हुए है। एडमिरल अली शमख़ानी ने इसी तरह क्षेत्र के ताज़ा हालात और ज़ायोनी शासन की निरंतर विफलताओं की ओर संकेत करते हुए कहा कि जो शासन नील से फ़ुरात तक के क्षेत्र पर क़ब्ज़ा करने के चक्कर में था, आज अपनी ही खोखली सीमाओं के अंदर घिरा हुआ है और उसके नेता, प्रतिरोध के मीज़ाइलों के डर से सो नहीं पा रहे हैं। (HN)