क्वेटा में हुए आतंकी हमले की ईरान ने की निंदा
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i74329-क्वेटा_में_हुए_आतंकी_हमले_की_ईरान_ने_की_निंदा
पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत के केंद्रीय नगर क्वेटा में हुए आतंकवादी धमाके  की ईरान ने कड़े शब्दों में निंदा की है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr १२, २०१९ १५:४० Asia/Kolkata
  • क्वेटा में हुए आतंकी हमले की ईरान ने की निंदा

पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत के केंद्रीय नगर क्वेटा में हुए आतंकवादी धमाके  की ईरान ने कड़े शब्दों में निंदा की है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासेमी ने पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत के केंद्रीय नगर क्वेटा के एक मुख्य बाज़ार पर आतंकवादी हमले की निंदा की है। इस आतंकी हमले में दर्जनों लोग हताहत और घायल हुए हैं। इस्लामी गणतंत्र ईरान ने इस आतंकी हमले पर दुख व्यक्त करते हुए पाकिस्तान सरकार, जनता और विशेष रूप से हमले का शिकार पीड़ित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासेमी ने शुक्रवार को एक बयान जारी करके कहा कि पड़ोसी देशों विशेषकर पाकिस्तान की सुरक्षा और स्थिरता, इस्लामी गणतंत्र ईरान के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हम आशा करते हैं कि पाकिस्तानी सरकार और जनता, एकता और सतर्कता के साथ क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले दुश्मनों की साज़िशों को नाकाम बना देगी। बहराम क़ासेमी ने कहा कि तकफ़ीरी आतंकवादी, इस प्रकार के हमले करके संसार को अशांत बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।  

इस बीच पाकिस्तान से प्राप्त हो रहे समाचारों के अनुसार शुक्रवार को क्वेटा के मुख्य बाज़ार में हुए आतंकी धमाके में हताहत होने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है जबकि घायलों की संख्या 50 बताई जा रही है। कई घायलों की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।

उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में शिया हज़ारा समुदाय बड़ी संख्या में रहते हैं और तकफ़ीरी आतंकवादी आए दिन शिया मुसलमानों को अपने आतंकी हमलों से निशाना बनते रहते हैं। इसके अलावा पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में आए दिन ईरान-इराक़ की ज़ियारतों पर जाने वाले श्रद्धालुओं की बसों पर भी हमले होते रहते हैं। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में विभिन्न चरमपंथी आतंकवादी गुट सक्रिय हैं जिनमें जमाअतुल अहरार, सिपाहे सहाबा और लश्करे झंगवी जैसे आतंकी गुटों के नाम लिए जा सकते हैं। (RZ)