पश्चिमी देश, शरणार्थियों के संबंध में अपने दायित्वों का पालन करेंः इराक़ची
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i75186-पश्चिमी_देश_शरणार्थियों_के_संबंध_में_अपने_दायित्वों_का_पालन_करेंः_इराक़ची
ईरान के उप विदेश मंत्री ने कहा है कि पश्चिमी देश अफ़ग़ानिस्तान में अनेक कठिनाइयों का कारण हैं और उन्हें इस देश के शरणार्थियों के संबंध में अपने दायित्वों का पालन करना चाहिए।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
May ११, २०१९ ०९:०८ Asia/Kolkata
  • पश्चिमी देश, शरणार्थियों के संबंध में अपने दायित्वों का पालन करेंः इराक़ची

ईरान के उप विदेश मंत्री ने कहा है कि पश्चिमी देश अफ़ग़ानिस्तान में अनेक कठिनाइयों का कारण हैं और उन्हें इस देश के शरणार्थियों के संबंध में अपने दायित्वों का पालन करना चाहिए।

सैयद अब्बास इराक़ची ने अफ़ग़ान शरणार्थियों के बारे में उनके बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश किए जाने की तरफ़ इशारा करते हुए कहा कि ईरान से अफ़ग़ान शरणार्थियों को बाहर निकालने या उन्हें वापस भेजने की बात नहीं है लेकिन जो लोग अफ़ग़ानिस्तान में अनेक समस्याओं की जड़ हैं, उन्हें अपनी ज़िम्मेदारी पूरी करनी चाहिए। उप विदेश मंत्री ने कहा कि अफ़ग़ान जनता की समस्याओं और उनके बेघर होने के लिए सबसे पहले पश्चिम वाले और वे लोग ज़िम्मेदार हैं जिन्होंने आतंकी गुटों को अस्तित्व प्रदान किया और उनका समर्थन किया। ये वे लोग हैं जिन्होंने अफ़ग़ानिस्तान में सैनिक भेजे और उस देश में सैन्य अड्डे स्थापित करके युद्ध शुरू किया।

 

सैयद अब्बास इराक़ची ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि इस्लामी गणतंत्र ईरान चालीस साल से अफ़ग़ान बहन-भाइयों की मेज़बानी कर रहा है, कहा कि अमरीकी और यूरोप वाले अफ़ग़ान जनता के बेघर होने का मुख्य कारण हैं और उन्हें इस बात की आशा नहीं रखनी चाहिए कि केवल ईरान इस काम की क़ीमत चुकाएगा। उन्होंने कहा कि शरणार्थियों की देखभाल एक अंतर्राष्ट्रीय ज़िम्मेदारी है और ईरान ने अब तक अपनी क्षमता से बढ़ कर शरणार्थियों के संबंध में अपने दायित्वों का पालन किया है और आगे भी मदद करता रहेगा लेकिन यूरोप वालों को भी इस बारे में ज़िम्मेदारी निभानी चाहिए और मामले को गंभीरता से लेना चाहिए। (HN)