ईरान के मुक़ाबले अमरीका, असमंजस्य में
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i76407-ईरान_के_मुक़ाबले_अमरीका_असमंजस्य_में
ईरान की वायुसीमा के भीतर अमरीका के एक ड्रोन विमान को मार गिराए जाने के बाद ईरान के संदर्भ में अमरीका की विध्वंसक एवं विरोधाभासी नीतियां अधिक जटिल हो गई हैं।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jun २१, २०१९ १०:३३ Asia/Kolkata
  • ईरान के मुक़ाबले अमरीका, असमंजस्य में

ईरान की वायुसीमा के भीतर अमरीका के एक ड्रोन विमान को मार गिराए जाने के बाद ईरान के संदर्भ में अमरीका की विध्वंसक एवं विरोधाभासी नीतियां अधिक जटिल हो गई हैं।

वाइट हाउस में अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प के नेतृत्व में इस देश के वरिष्ठ अधिकारियों की होने वाली आपातकालीन बैठक के बाद कुछ संचार माध्यमों ने दावा किया है कि ट्रम्प ने ईरान के कुछ संवेदनशील स्थानों पर हमले का जो आदेश जारी किया था उसे वापस ले लिया है।ईरान की वायुसीमा के भीतर अमरीका के एक ड्रोन विमान को मार गिराए जाने के बाद गुरूवार को अमरीकी राष्ट्रपति अपने आक्रमक अंदाज़ से बिल्कुल अलग अंदाज़ में यह कहते दिखाई दिए कि शायद ईरान ने ग़लती की है।  मैं यह सोचता हूं कि कोई एक जनरल या अन्य व्यक्ति ग़लती कर बैठा और धोखे में अमरीकी ड्रोन को मार गिराया गया।  इससे पहले भी ओमान सागर में दो तेल टैंकरों में होने वाले विस्फोटों के संदर्भ में ट्रम्प ने कहा था कि यह आंशिक विस्फोट थे।

हालांकि कुछ अमरीकी संचार माध्यमों का यह भी कहना है कि पिछले कुछ दिनों से अमरीकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जाॅन बोल्टन और विदेशमंत्री माइम पोम्पियो ने अपने कुछ अतिवादी नेताओं के साथ मिलकर मामले को हवा देने का काम तेज़ कर दिया है।  अब कहा यह जा रहा है कि ईरान की वायुसीमा के भीतर अमरीका के एक अत्याधुनिक ड्रोन विमान को मार गिराए जाने के बाद ईरान की कड़ी प्रतिक्रया के दृष्टिगत वाइट हाउस ने इस संबन्ध में बहुत ही सावधानी से काम लेना शुरू कर दिया है।

इस्लामी गणतंत्र ईरान के वरिष्ठ अधिकारी विशेषकर इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली ख़ामेनेई यह बात कई बार बल देकर कह चुके हैं कि ईरान, किसी के साथ युद्ध नहीं चाहता।  उन्होंने कहा कि हम युद्ध के बिल्कुल भी इच्छुक नहीं हैं किंतु हम अपनी पूरी क्षमता के साथ अपनी संप्रभुता की रक्षा करेंगे।

ज्ञात रहे कि ईरान की आईआरजीसी की एयर डिफेन्स इकाई ने दक्षिणी ईरान के तट पर अमरीका के एक जासूसी ड्रोन विमान "ग्लोबल हॅाक" को मार गिराया।  अमरीका के इस जासूसी विमान ने ईरान के हुरमुज़गान प्रान्त के "कूहे मुबारक" क्षेत्र में ईरान की सीमा का उल्लंघन किया था।  अमरीका का यह ग्लोबल हाॅक "Global Hawk" ड्रोन विमान अत्याधुनिक है जो बहुत मंहगा है।  ईरान द्वारा अमरीका के अत्याधुनिक ड्रोन को मार गिराए जाने से संसार को यह संदेश चला गया कि इस्लामी गणतंत्र ईरान, अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा की पूरी क्षमता रखता है।

अब स्थिति यह हो गई है कि वही ट्रम्प जो पिछले दो वर्षों से ईरान तथा परमाणु समझौते के बारे में उल्टे-सीधे बयान दिया करते थे, अब ईरान के साथ किसी भी संभावित युद्ध को लेकर बहुत चिंता में हैं।  उधर अमरीका में कराए जाने वाले बहुत से सर्वेक्षण यह बताते हैं कि अधिकांश अमरीकी, ईरान के साथ हर प्रकार के युद्ध के विरोधी हैं।  हालांकि ट्रम्प स्वंय कई बार अमरीका के पूर्व राष्ट्रपतियों की इसलिए आलोचना कर चुके हैं कि उन्होंने युद्धों से मध्यपूर्व को अशांत बना दिया।  अमरीका के दबाव के मुक़ाबले में ईरान के कड़े प्रतिरोध को देखते हुए यह संभव नहीं है कि वाशिग्टन, तेहरान का कुछ बिगाड़ सके।  समस्या का समाधान केवल इस स्थिति में ही संभव है कि अमरीका, ईरान के संदर्भ में अपने व्यवहार को पूरी तरह से बदले, जेसीपीओए सहित समस्त अन्तर्राष्ट्रीय समझौतों के प्रति अपने दायित्वों का पालन करे और ईरानी राष्ट्र को होने वाली क्षति की भरपाई करे।