ईरानी राष्ट्रपति का फ़्रांसीसी राष्ट्रपति के नाम ख़त लेकर अराक़ची फ़्रांस रवाना
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i77493-ईरानी_राष्ट्रपति_का_फ़्रांसीसी_राष्ट्रपति_के_नाम_ख़त_लेकर_अराक़ची_फ़्रांस_रवाना
ईरान के उपविदेश मंत्री अब्बास इराक़ची, राष्ट्रपति डॉक्टर हसन रूहानी का फ़्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रां के नाम ख़त लेकर फ़्रांस गए है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul २३, २०१९ १०:५५ Asia/Kolkata
  • ईरानी राष्ट्रपति का फ़्रांसीसी राष्ट्रपति के नाम ख़त लेकर अराक़ची फ़्रांस रवाना

ईरान के उपविदेश मंत्री अब्बास इराक़ची, राष्ट्रपति डॉक्टर हसन रूहानी का फ़्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रां के नाम ख़त लेकर फ़्रांस गए है।

अपने ट्वीटर हैंडल पर सोमवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्बास मूसवी ने कहा कि इराक़ची राष्ट्रपति रूहानी के विशेष एलची के रूप में फ़्रांस के लिए रवाना हो गए, जहां वह राष्ट्रपति रूहानी का ख़त फ़्रांसीसी राष्ट्रपति को सौंपेंगे।

अब्बास इराक़ची ने यह सफ़र ऐसे समय किया है कि परमाणु समझौते जेसीपीओए का भविष्य अधर में लटकता नज़र आ रहा है, क्योंकि, योरोप अमरीकी प्रतिबंधों के ख़िलाफ़ अपनी वैध ज़िम्मेदारी को पूरा करने मे नाकाम रहा है।

परमाणु समझौते से अमरीका के निकलने के एक साल बाद मई 2019 में तेहरान ने परमाणु समझौते जेसीपीओए के अनुच्छेद 26 और 36 के तहत अपनी प्रतिबद्धताओं को क्रमबद्ध तरीक़े से कम करना शुरु किया। तेहरान ने इस समझौते से अमरीका के निकलने और फिर अमरीका की अनुपस्थिति की भरपाई करने में योरोप की नाकामी के जवाब में, यह क़दम उठाया है।

तेहरान ने परमाणु समझौते के योरोपीय पक्षों को मोहलत दी कि वे अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करें, वरना, ईरान अपनी प्रतिबद्धताओं को और कम करेगा।

2 हफ़्ते पहले फ़्रांसीसी राष्ट्रपति के मुख्य सलाहकार इमैनुएल बोन ने जेसीपीओए को बचाने की कोशिश के तहत तेहरान का दौरा किया था।

पिछले हफ़्ते ईरानी राष्ट्रपति और उनके फ़्रांसीसी समकक्ष के बीच जेसीपीओए के भविष्य को लेकर टेलीफ़ोन पर बातचीत हुयी थी जिसके दौरान ईरानी राष्ट्रपति ने कहा कि तेहरान इस समझौते को बचाने के लिए सभी दरवाज़ा खुला रखने के लिए संकल्प रखता है।(MAQ/N)