ईरानी कमान्डर ने बताया, दुश्मन क्यों घबराते हैं ईरान से?
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i80579-ईरानी_कमान्डर_ने_बताया_दुश्मन_क्यों_घबराते_हैं_ईरान_से
इस्लामी गणतंत्र ईरान की सशस्त्र सेना के कमान्डर ने कहा है कि ईरान की रक्षा क्षमताओं ने दुश्मन को हर प्रकार के हमले से रोक रखा है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Oct २२, २०१९ २१:०० Asia/Kolkata
  • ईरानी कमान्डर ने बताया, दुश्मन क्यों घबराते हैं ईरान से?

इस्लामी गणतंत्र ईरान की सशस्त्र सेना के कमान्डर ने कहा है कि ईरान की रक्षा क्षमताओं ने दुश्मन को हर प्रकार के हमले से रोक रखा है।

ईरान की सशस्त्र सेना के प्रमुख जनरल मुहम्मद बाक़िरी ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि रक्षा क्षमताओं ने दुश्मन से हर प्रकार के हमले का साहस छीन लिया है, कहा कि दुश्मन को यह जान लेना चाहिए कि यदि ईरान की सीमाओं पर हमले का प्रयास किया तो उसको ईरान की बहुत ही शक्तिशाली सेना का सामना करना पड़ेगा।

जनरल बाक़िरी ने सैन्य कमान्डरों और जवानों की एक बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि ईरान की सशस्त्र सेनाओं ने पूरे इतिहास में यह सिद्ध कर दिया है कि वह किसी भी देश के विरुद्ध हमले का इरादा नहीं रखतीं किन्तु हमले का इरादा करने वालों का मुंहतोड़ जवाब देती हैं।

उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि दुश्मनों के षड्यंत्रों के मुक़ाबले में ईरान की सशस्त्र सेनाओं की ज़िम्मेदारियां गंभीर हैं, कहा कि दुश्मनों की धमकियों और ख़तरों के मुक़ाबले में प्रतिरोध और स्थाई शांति की स्थापना और उपयोगी रक्षा क्षमताओं की मज़बूती जैसे मामले सशस्त्र सेनाओं की गंभीर ज़िम्मेदारियों में शामिल हैं।

उनका कहना था कि आज ईरान के दुश्मनों को इस बात का विश्वास हो गया है कि यदि उन्होंने ईरान के संबंध में कोई मूर्खता की तो उन्हें बहुत अधिक नुक़सान उठाना पड़ेगा। (AK)