ईरान ने परमाणु समझौते के चौथे क़दम की घोषणा कर दी
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i81021-ईरान_ने_परमाणु_समझौते_के_चौथे_क़दम_की_घोषणा_कर_दी
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने परमाणु समझौते के पालन के स्तर को कम करने के चौथे चरण की घोषणा करते हुए कहा कि यह क़दम बुधवार से फ़ोर्दू परमाणु प्रतिष्ठान में उठाया जाएगा।
(last modified 2023-11-29T05:45:15+00:00 )
Nov ०५, २०१९ १३:०१ Asia/Kolkata
  • ईरान ने परमाणु समझौते के चौथे क़दम की घोषणा कर दी

इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने परमाणु समझौते के पालन के स्तर को कम करने के चौथे चरण की घोषणा करते हुए कहा कि यह क़दम बुधवार से फ़ोर्दू परमाणु प्रतिष्ठान में उठाया जाएगा।

इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने मंगलवार को तेहरान में एक कार्यक्रम में यह बयान करते हुए कि परमाणु समझौते के आधार पर यह फ़ैसला किया गया था कि फ़ोर्दू परमाणु प्रतिष्ठान में एक हज़ार 44 सेन्ट्रफ़्यूज मशीनें काम करती रहेंगी किन्तु उनमें गैस इन्जेक्ट नहीं की जाएगी, कहा कि लेकिन अब बुधवार से फ़ोर्दू परमाणु प्रतिष्ठान में गैस इन्जेक्ट करने की प्रक्रिया शुरु हो जाएगी।

राष्ट्रपति रूहानी ने इस बात पर बल देते हुए कि परमाणु समझौते के समस्त पक्षों को यह जान लेना चाहिए कि ईरान एकपक्षीय रूप से परमाणु समझौते पर प्रतिबद्ध नहीं रह सकता, कहा कि परमाणु समझौते के समस्त पक्षों के पास वार्ता के लिए दो महीने की मोहलत है ताकि धातुओं, इन्शोरेंस, तेल और बैंकिंग तथा अन्य क्षेत्रों में प्रतिबंधों को हटाया जा सके।

राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि ईरान की नई गतिविधियां, अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेन्सी की निगरानी में होंगी और चौथा क़दम भी पहले क़दमों की भांति वापसी योग्य होगा।

राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने यह बयान करते हुए कि ईरानी राष्ट्र प्रतिरोधक और वार्ता का पक्षधर राष्ट्र है, बल दिया कि ईरान ने जो रास्ता चुना है वह पूरी तरह से सही है। (AK)