क्षेत्रीय देशों की राष्ट्रीय संप्रभुता पर हमले का विरोध करते हैंः मूसवी
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि ईरान, क्षेत्रीय देशों की राष्ट्रीय संप्रभुता पर किसी भी प्रकार के हमले का विरोधी है।
सैयद अब्बास मूसवी ने रविवार को तेहरान में संवाददाता सम्मेलन में सीरिया पर तुर्की के हमले के बाद ईरानी अधिकारियों की नाराज़गी के संदर्भ में तुर्की के राष्ट्रपति के बयान पर आधारित एक पत्रकार के इस प्रश्न के उत्तर में कहा कि क्षेत्रीय देशों विशेषकर मित्र देशों के साथ ईरान के मैत्रीपूर्ण संबन्ध सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तुर्की के साथ ईरान के संबन्ध चरम पर हैं। अब्बास मूसवी ने कहा कि यह विषय, ईरान के अपने मूल सिद्धातों से पीछे हटने के अर्थ में बिल्कुल भी नहीं है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इराक़ के हालिया प्रदर्शनों के संभावित रूप से ईरान तक पहुंच जाने पर आधारित अर्दोग़ान के बयान पर कहा कि तुर्की के राष्ट्रपति का बयान वास्तव में एक प्रकार की चेतावनी है और क्षेत्रीय देशों को सचेत रहने की ज़रूरत है। अब्बास मूसवी ने इराक़ के हालिया जनप्रदर्शनों और क्षेत्र पर उसके प्रभाव के बारे में कहा कि ईरान, इराक़ के आंतरिक मामलों के बारे में कुछ नहीं कहना चाहता किंतु निश्चित रूप से कुछ लोग इन विरोध प्रदर्शनों का दुरूपयोग करना चाहते हैं।
उप विदेशमंत्री इराक़ची द्वारा माॅस्को में परमाणु डाक्ट्रीन के बारे में ईरान की ओर से संभावित पुनर्विचार और यूरोपियों की ओर से प्रतिबंधों को वापस लाने जैसी बातों पर अपनी प्रतिक्रिया में अब्बास मूसवी ने कहा कि यूरोपियों को न तो यह करने का अधिकार है और न ही वे यह काम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य कारण यह है कि ईरान की ओर से परमाणु प्रतिबद्धता को कम करने के चौथे चरण का काम, जेसीपीओए के अन्तर्गत है जो इस्लामी गणतंत्र ईरान का सुरक्षित अधिकार है। उन्होंने इसी के साथ यह भी कहा कि अभी भी कूटनीति का मार्ग बंद नहीं हुआ है और वार्ता का द्वार खुला है।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्बास मूसवी ने कहा कि यूरोपियों की ओर से बनाई गई वित्तीय योजना इन्सटैक्स को ईरान के हिसाब से लागू नहीं किया गया। उन्होंने ईरान की ओर से परमाणु प्रतिबद्धताओं को कम करने के चौथे चरण के संबन्ध में फ़्रांसीसी राष्ट्रपति की ओर से अपनाई गई नीति के बारे में कहा कि मैक्रां के दृष्टिकोण को समझा जा सकता है क्योंकि उन्होंने एक ओर तो ईरान की गंभीर कार्यवाही को देखा और दूसरी ओर अपनी अक्षमता का कोई जवाब नहीं दिया।
अब्बास मूसवी ने इस प्रश्न के उत्तर में कि जेसीपीओए से निकलने के लिए क्या इस्लामी गणतंत्र ईरान कोई फैसला करेगा या वह यूरोपीय अधिकारियों की किसी अन्य योजना को स्वीकार करने के लिए तैयार है कहा, वार्ता का क्रम जारी है और अगले दो महीने में यूरोप को अपने वचनों को पूरा करके ईरान को संतुष्ट करना होगा।