विगत की तुलना में वर्तमान परमाणु क्षमता, बेहतरीन स्थिति मेंः रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि ईरान की वर्तमान परमाणु क्षमता, अबतक की बेहतरीन स्थिति में है।
राष्टर्पति रूहानी का कहना है कि परमाणु विज्ञान के क्षेत्र में ईरान लगातार प्रगति के मार्ग पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ईरान, विगत की तुलना में परमाणु क्षमता की दृष्टि से बेहतरी स्थिति में है।
राष्ट्रपति रूहानी ने रविवार को दक्षिणी ईरान के केरमान प्रांत के रफ़संजान नगर के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हालिया वर्षों के दौरान देश में परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में शोध कार्य जारी रहा जो अब भी जारी है। उन्होंने कहा कि इस समय ईरान में सक्रिय सेंट्रीफ्यूज़ 15 प्रकार के हैं जो पहले 5 प्रकार के थे। हसन रूहानी ने कहा कि ईरानी राष्ट्र, शत्रुओं के दबाव के मुक़ाबले में झुकने वाला नहीं है और देश में परमाणु विज्ञान में विस्तार के लिए कोई बाधा नहीं है।
डाक्टर हसन रूहानी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्रसंघ के प्रस्ताव क्रमांक-2231 के अनुसार अगर परमाणु समझौता बाक़ी रहता है तो अगले साल ईरान पर लगे शस्त्र प्रतिबंध हटा लिए जाएंगे जिसके बाद तेहरान शस्त्रों का आयात और निर्यात कर सकेगा। राष्ट्रपति रूहानी ने जेसीपीओए के बारे में पश्चिम की वादा ख़िलाफ़ी का उल्लेख करते हुए कहा कि परमाणु समझौते के पक्षों की ओर से वचनों को पूरा करने में आनाकारी के कारण ईरान ने परमाणु समझौते के बारे में अपनी वचनबद्धता को चरणबद्ध ढंग से कम करना आरंभ किया है।