ईरान पर लगे अमरीकी प्रतिबंध निंदनीयः राष्ट्रसंघ
अमरीका की ओर से ईरान पर लगाए गए अमानवीय प्रतिबंधों की संयुक्त राष्ट्रसंघ ने आलोचना की है।
राष्ट्रसंघ ने इन अमरीकी प्रतिबंधों की निंदा करते हुए वाशिग्टन से अन्तर्राष्ट्रीय न्यायालय के फैसलों का अनुसरण करने को कहा है।
संयुक्त राष्ट्रसंघ के महासचिव के उप प्रवक्ता फ़रहान हक़ ने ईरान में EB बीमारी से 15 लोगों के मारे जाने पर खेद व्यक्त किया है। फ़रहान हक़ ने ईरान के विरुद्ध अमरीका की ओर से दवाओं और चिकित्सा उपकरणों पर लगाए गए प्रतिबंधों के बारे में कहा कि अमरीका सहित संसार के सभी देशों को इस बारे में अन्तर्राष्ट्रीय न्यायालय के नियमों का पालन करना चाहिए। अन्तर्राष्ट्रीय न्यायालय के अक्तूबर 2018 के आदेश के अनुसार अमरीका को चाहिए कि उसकी ओर से 8 मई 2018 को ईरान पर लगाए गए प्रतिबंधों से दवाओं और चिकित्सा उपकरणों को अलग करे।
ज्ञात रहे कि ईरान में EB बीमारी केन्द्र के प्रमुख हुज्जतुल इस्लाम सैयद हमीद रज़ा हाशमी ने कुछ समय पहले कहा है कि EB बीमारी के उपचार के लिए विशेष दवा बनाने वाली स्वीडन की कंपनी ने बतााय है कि अमरीकी प्रतिबंधों के कारण अब वह इन दवाओं को ईरान नहीं भेज सकती।
ज्ञात रहे कि EB अर्थात Epidermolysis bullosa एक अनुवांशिक बीमारी है जिसमें बीमार की त्वचा पर फोड़े निकल आते हैं जो बाद में कैंसर का कारण बनते हैं।