ईरानी प्रतिरोध को कभी तोड़ा नहीं जा सकताः रूहानी
ईरान के राष्ट्रपति ने कहा है कि हर बार स्ट्रैटेजिक ग़लती करके अमरीका को पराजय का मुंह देखना पड़ता है।
हसन रूहानी का कहना है कि दवाओं की आपूर्ति के मार्ग में बाधाएं डालकर अमरीकी, ईरानी राष्ट्र के प्रतिरोध को समाप्त नहीं कर सकते। यह बात उन्होंने शुक्रवार को ईरान की केन्द्रीय बैंक के गवर्नर के साथ वार्त में कही। उन्होंने कहा कि यह काम, आंतरिक स्तर पर लाभ उठाने के लिए अमरीकी दुष्प्रचार का एक भाग है।
राष्ट्रपति रूहानी का कहना था कि अमरीकी सरकार इस भ्रांति में थी कि प्रतिबंधों से प्रतिरोध को तोड़ा जा सकता है। उनका कहना था कि वक़्त ने यह साबित कर दिया कि उनकी यह सोच ग़लत थी जो अनुपयोगी सिद्ध हुई। ईरान के राष्ट्रपति ने कहा कि हर बार स्ट्रैटेजिक ग़लती करके अमरीका को पराजय का मुंह देखना पड़ता है जिसका ताज़ा उदाहरण ट्रिगर मैकेनिज़्म को सक्रिय करना है। सारे देश देख रहे हैं कि अमरीका का यह काम, पूरी तरह से अन्तर्राष्ट्रीय नियमों के विरुद्ध है। हसन रूहानी ने कहा कि कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत अमरीका का यह कार्य पूरी तरह से अमानीवय है। उन्होंने कहा कि विश्व स्तर पर मानवाधिकारों का दावा करने वालों को इसकी निंदा करनी चाहिए।
इस वार्ता में ईरान की केन्द्रीय बैंक के गवर्नर अब्दुन्नासिर हिम्मती ने कहा कि दवाओं की आपूर्ति के मार्ग में अमरीकी सरकार विभिन्न बहानों से समस्याएं उत्पन्न करती रहती है।