अत्याचारपूर्ण प्रतिबंधों के बावजूद ईरान ने किया 73 अरब डाॅलर का व्यापार
ईरान के उद्योग मंत्री ने बताया है कि हर प्रकार के प्रतिबंधों और दबाव के बावजूद ईरान ने 73 अरब डाॅलर का व्यापार किया।
अलीरज़ा रज़्म हुसैनी ने मंगलवार को मंत्रीमण्डल की बैठक में कहा कि पिछले साल अर्थात 21 मार्च 2020 से 20 मार्च 2021 के दौरान ईरान ने 73 अरब डाॅलर का व्यापार किया।
उन्होंने कहा कि यह व्यापार आयात और निर्यात के माध्यम से एसी स्थिति में किया गया कि जब देश, अत्याचारपूर्ण प्रतिबंधों का सामना कर रहा है। ईरान के उद्योगमंत्री का कहना था कि वर्षों से चले आ रहे आर्थिक प्रतिबंधों के अतिरिक्त कोरोना महामारी और इस महामारी के दौरान देश के विरुद्ध प्रतिबंधों में वृद्धि और दबाव की नीति को बढ़ाए जाने के बावजूद हम एक साल में 73 अरब डाॅलर का व्यापार करने में कामयाब रहे।
इससे पहले राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी कह चुके हैं कि यही आर्थिक प्रतिबंध, जिनका हम वर्षों से सामना कर रहे हैं, अगर दुनिया के किसी भी देश पर थोप दिये जाते तो निश्चित रूप से अबतक उस देश की अर्थव्यवस्था ध्वस्त हो चुकी होती।
याद रहे कि अमरीका की विदेशी मामलों की परिषद के प्रमुख ने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि ईरान के विरुद्ध अमरीकी प्रतिबंध,आर्थिक युद्ध के लिए लगाए गए हैं। रिचर्ड हास ने कहा कि अमरीका ने ईरान के विरुद्ध प्रतिबंध लगाते समय ईरान के लिए कोई कूटनीतिक विकल्प ही नहीं छोड़ा है। उनका कहना है कि वाशिग्टन ने तेहरान के विरुद्ध प्रतिबंध लगाकर एक प्रकार से ईरान के विरुद्ध आर्थिक युद्ध छेड़ दिया है।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए