दक्षिणी कोरिया का एलानः ईरान से सभी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ेगा
दक्षिण कोरिया के प्रधानमंत्री चंग सि क्यून ने रविवार को ईरान के उपराष्ट्रपति जहांगीरी के साथ संयुक्त प्रेस कांफ्रेन्स में दोनों देशों के एतिहासिक संबंधों की ओर संकेत किया और कहा कि अगले वर्ष दोनों देशों के संबंधों के 60 साल पूरे हो जायेंगे जबकि यह सहयोग आगे भी पूरी मज़बूती से जारी रहेगा।
दक्षिण कोरिया के प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी तेहरान यात्रा इस बात की सूचक है कि सिओल इस्लामी गणतंत्र ईरान के साथ संबंधों में विस्तार का इच्छुक है और इस यात्रा से द्विपक्षीय संबंधों के आधार को नई मज़बूती मिलनी चाहिये। साथ ही उन्होंने ईरान के उपराष्ट्रपति को अपने देश की यात्रा का निमंत्रण भी दिया।
ईरान का जो पैसा दक्षिण कोरिया में रोका गया है उसे रिलीज़ कराने हेतु सिओल के प्रयासों की सूचना देते हुए दक्षिण कोरिया के प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई है कि दोनों देश समस्याओं का समाधान करके उज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ेंगे।
दक्षिण कोरिया के प्रधानमंत्री ने कोरोना संकट की ओर संकेत किया और कहा कि ईरान और दक्षिण कोरिया कोविड-19 के संकट को पार करने के लिए द्विपक्षीय सहयोग को मज़बूत करेंगे और चिकित्सा व उपचार के क्षेत्र में सहयोग में वृद्धि करेंगे।
ईरान के उपराष्ट्रपति इस्हाक़ जहांगीरी ने भी इस प्रेस कांफ्रेन्स में कहा कि ईरान की सम्पत्ति को रोकने के लिए दक्षिण कोरिया के बैंको ने जो कार्यवाही की है उससे ईरानी लोगों के निकट दक्षिण कोरिया की छवि को आघात पहुंचा है और दक्षिण कोरिया की ओर से इस सम्पत्ति को आज़ाद कराने के संबंध में प्रभावी क़दम से उसकी छवि को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
ज्ञात रहे कि दक्षिण कोरिया के प्रधानमंत्री ईरानी अधिकारियों से बातचीत के उद्देश्य से रविवार को तेहरान पहुंचे थे। MM
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए