वर्षों बाद ईरान और सऊदी अरब के बीच सीधी वार्ता
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i97672-वर्षों_बाद_ईरान_और_सऊदी_अरब_के_बीच_सीधी_वार्ता
ईरान और सऊदी अरब के अधिकारियों ने द्विपक्षीय मुद्दों के समाधान के लिए सीधी वार्ता की है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr १८, २०२१ १०:४० Asia/Kolkata
  • वर्षों बाद ईरान और सऊदी अरब के बीच सीधी वार्ता

ईरान और सऊदी अरब के अधिकारियों ने द्विपक्षीय मुद्दों के समाधान के लिए सीधी वार्ता की है।

अल-आलम ने फ़ाइनेन्शियल टाइम्स के हवाले से लिखा है कि इराक़ की राजधानी बग़दाद में ईरान और सऊदी अरब के अधिकारियों ने दोनों देशों के संबंधों में सुधार के लिए सीधी वार्ता की है।

दोनों देशों के बीच लगभग पिछले पांच साल से कूटनीतिक संबंध नहीं हैं और यमन युद्ध तथा क्षेत्रीय देशों के आंतरिक मामलों में रियाज़ के हस्तक्षेप को लेकर ईरान और सऊदी अरब के रिश्ते तनावपूर्ण रहे हैं।

इराक़ी प्रधान मंत्री मुस्तफ़ा अल-काज़मी ने दोनों देशों के बीच सीधी वार्ता की शुरूआत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

फ़ाइनेन्शियल टाइम्स ने दावा किया है कि 9 अप्रैल को पहले चरण की बातचीत के दौरान, सऊदी अरब ने यमन के अल-हौसी संगठन के जवाबी हमलों का भी मुद्दा उठाया, जिसे लेकर बातचीत सार्थक रही।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, सऊदी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सार्वजनिक सूचना सेवा के महानिदेशक ख़ालिद बिन अली अल-हमीदान ने किया और रियाज़ और तेहरान के बीच सीधी वार्ता का अगला दौर अगले हफ़्ते निर्धारित किया गया है।

इराक़ी प्रधान मंत्री अल-काज़मी ने सऊदी किंग सलमान के निमंत्रण पर पिछले महीने रियाज़ का दौरा किया था, जहां इस वार्ता का ख़ाका तैयार किया गया था।

इस रिपोर्ट में एक इराक़ी अधिकारी के हवाले से उल्लेख किया गया है कि बग़दाद ने ईरान-मिस्र और ईरान-जॉर्डन के बीच संपर्क का एक चैनल स्थापित किया है।

हालांकि तेहरान ने अभी तक फ़ाइनेन्शियल टाइम्स की इस रिपोर्ट पर किसी तरह की कोई प्रतिक्रिया नहीं जताई है। msm