हमारे दुश्मन मुक़ाबले में हमसे जीत नहीं पाएंगेः यमन
यमन के रक्षामंत्री का कहना है कि उनके देश के लिए आक्रमणकारी गठबंधन ने बहुत ख़तरनाक षडयंत्र तैयार किया है।
मुहम्मद नासिर अलआतेफी ने बताया है कि ज़ायोनी शासन की सेवा के उद्देश्य से यमन के विरुद्ध षडयंत्र तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य यमन की धरती का अतिग्रहण करके उसके संसाधनों का दोहन करना है।
अलआतेफी के अनुसार यमन पर आक्रमण करने वाला गठबंधन, यमनवासियों को अपमानित करने के लिए अवैध ज़ायोनी शासन के साथ सहयोग कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे विरुद्ध युद्ध करने वाले भगोड़े हैं उनमें से कोई भी हमारे मुक़ाबले में रुकने वाला नहीं है। यही मुख्य कारण है कि वे कभी भी विजयी नहीं होंगे।
यमन के रक्षामंत्री के अनुसार ईश्वर की कृपा, नेतृत्व की दूरदर्शिता और जनता के सहयोग से यमनवासी शत्रुओं को धूल चटाकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे परिवेष्टन को यदि समाप्त नहीं किया गया तो फिर हम उनकी सत्ता को समाप्त कर देंगे।
याद रहे कि कुछ समय पहले सामने आने वाली सेटेलाइट तस्वीरों से पता चला है कि अवैध ज़ायोनी शासन के साथ मिलकर यूएई, यमन के म्यून द्वीप पर एक संयुक्त सैन्य छावनी बना रहा है।
उल्लेखनीय है कि मार्च 2015 को सऊदी गठबंधन ने यमन के विरुद्ध सैन्य कार्यवाही आरंभ की थी। अब उसने इस देश की जल,थल तथा वायुसीमा का परिवेष्टन कर रखा है। यमन के विरुद्ध सऊदी गठबंधन की इस सैन्य कार्यवाही में अबतक 16 हज़ार से अधिक यमनी नागरिक मारे जा चुके हैं। इस दौरान हज़ारों की संख्या में यमनवासी घायल हुए हैं जबकि लाखों की संख्या में उनको पलायन करने पर मजबूर होना पड़ा है।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए