इराक़ी युद्धक विमानों के हमले में दसियों आतंकी ढेर
इराक़ के युद्धक विमानों के हमले में फ़ल्लूजा में दाइश के दसियों आतंकी मारे गए हैं।
सूमरिया न्यूज़ के अनुसार पश्चिमी इराक़ के अलअंबार प्रांत के केंद्र फ़ल्लूजा में इराक़ी सेना के एफ़-16 युद्धक विमानों ने हमला करके तकफ़ीरी आतंकी गुट दाइश के दसियों सदस्यों को ढेर कर दिया है। इराक़ी सेना के मीडिया कार्यालय ने एक बयान जारी करके कहा है कि उसके युद्धक विमानों ने फ़ल्लूजा में दाइश के ठिकानों पर बड़ा सटीक हमला किया जिसमें दसियों आतंकी मारे गए। दाइश के नियंत्रण वाले विभिन्न क्षेत्रों से आतंकियों को खदेड़ने के लिए इराक़ी बलों का अभियान निरंतर जारी है।
इस बीच इराक़ के सुरक्षा सूत्रों ने बताया है कि शीघ्र ही फ़ल्लूजा को मुक्त कराने के लिए ज़मीनी अभियान आरंभ किया जाएगा। इराक़ के पश्चिमी क्षेत्रों में फ़ल्लूजा दाइश के सबसे अहम ठिकानों में से एक है। बताया जाता है कि इस शहर में दाइश के डेढ़ हज़ार आतंकी मौजूद हैं। यह नगर राजधानी बग़दाद से 50 किलो मीटर पश्चिम में स्थित है। (HN)