पवित्र शहर मक्का में उमरा के दौरान पाकिस्तानी शिया धर्मगुरु गिरफ़्तार
सऊदी पुलिस ने पवित्र शहर मक्का में उमरा करने गए पाकिस्तानी शिया मुस्लिम धर्मगुरु सैयद नज़ीर अब्बास तक़वी को गिरफ़्तार कर लिया है।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, शिया विद्वान और इस्लामी तहरीक पाकिस्तान आईटीपी के सीनियर कार्यकर्ता तक़वी को पवित्र मस्जिदुल हराम के परिसर से गिरफ़्तार किया गया है।
हालांकि सऊदी पुलिस या शासन द्वारा आधिकारिक रूप से मौलाना तक़वी की गिरफ़्तारी के लिए कोई कारण नहीं बताया गया है, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि उन्होंने गिरफ़्तारी से ठीक पहले हाथ में एक ऐसा बैनर उठा रखा था, जिस पर शिया मुसलमानों के पहले इमाम हज़रत अली इब्ने अबी तालिबान का नाम लिखा हुआ था।
जैसे ही मौलाना तक़वी की गिरफ़्तारी की ख़बर सामने आई, सोशल मीडिया पर उन्हें तुरंत आज़ाद किए जाने के समर्थन में अभियान शुरू हो गया।
पाकिस्तान में शिया मुसलमानों ने सरकार से मांग की है कि वह उनके धार्मिक नेता की हिराई के लिए रियाज़ पर ज़रूरी दबाव बनाए।
सऊदी अरब में सरकार स्तर पर अल्पसंख्यकों विशेष रूप से शिया मुसलमानों के अधिकारों का खुलकर हनन किया जाता है। देश के ऊर्जा-समृद्ध पूर्वी प्रांत में शिया मुसलमानों को बड़ी संख्या में गिरफ़्तार करके जेलों में ठूंसा जाता है।
7 फ़रवरी को सऊदी अरब की एक अदालत ने फ़र्ज़ी आतंकवादी कार्यवाहियों के आरोप में अली मोहम्मद अल-राबिया और अली हसन अल-सफ़वानी को मौत की सज़ा सुनाई है। msm