फ़ल्लूजा की स्वतंत्रता का अभियान जारी रहेगाः अलएबादी
इराक़ के प्रधानमंत्री ने बल देकर कहा है कि फ़ल्लूजा की स्वतंत्रता का अभियान जारी रहेगा।
हैदर अलएबादी ने मंगलवार को मंत्रीमंडल की बैठक में कहा कि अलअंबार प्रांत के केंद्र फ़ल्लूजा को आतंकी गुट दाइश से मुक्त कराने का अभियान पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शहर की स्वतंत्रता तक पूरी दृढ़ता के साथ जारी रहेगा। उन्होंने इस बात पर बल देते हुए कि सेना और स्वयं सेवी बलों के हमलों के मुक़ाबले मे दाइश को पराजय हो रही है, कहा कि फ़ल्लूजा की मानवीय स्थिति पर नज़र रखने और बेघर होने वालों की सहायता के लिए दो समितियां बनाई गई हैं और बेघर होने वाले परिवारों की ज़रूरतें पूरी करने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
इस बीच इराक़ी सेना और स्वयं सेवी बलों ने फ़ल्लूजा बांध को दाइश के नियंत्रण से मुक्त करा लिया है। इराक़ के सैन्य सूत्रों ने बताया है कि फ़ल्लूजा के बांध से दाइश के आतंकियों को खदेड़ दिया गया है और अब यह बांध पूरी तरह से सुरक्षा बलों के नियंत्रण में है। उधर सेना और स्वयं सेवी बल निरंतर उत्तर व दक्षिण की ओर से फ़ल्लूजा के केंद्र की ओर बढ़ रहे हैं और अब इस नगर के केंद्र से उनका फ़ासला बहुत कम रह गया है। (HN)